WC फाइनल हॉस्पिटल रूम से देखा: संजू की मां इलाज करा रहीं थीं, कहा- बेटे ने अनमोल तोहफा दिया
Published:
2 min read

संजू सैमसन मां लिजी और पिता सैमसन विश्वनाथ के साथ।
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। इस जीत के हीरो ओपनर संजू सैमसन रहे, जिन्होंने फाइनल में 89 रन की पारी खेली। अब उनकी मां लिजी विश्वनाथ ने एक खुलासा किया है।
उन्होंने बताया कि जब टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल था, तब वे एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट थीं। वहीं से उन्होंने पूरा फाइनल देखा। मां ने कहा कि बेटे ने यह वर्ल्ड कप जीतकर उन्हें अनमोल गिफ्ट दिया है।
मां ने संजू के स्ट्रगल पर क्या कहा?
मां लिजी ने मलयालम न्यूज वेबसाइट मातृभूमि से यह बात कही। उन्होंने संजू सैमसन के स्ट्रगल को लेकर कहा- जिस तरह देश का हर व्यक्ति खुश है। उसी तरह मैं भी बेहद खुश हूं। जिंदगी की तरह ही क्रिकेट में भी उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। संजू ने यह सबकुछ देखा है। इस गर्व के मौके पर मैं फैन्स और देश के साथ खड़ी हूं।
अपनी सेंचुरी से पहले टीम की जीत जरूरी
संजू के पिता सैमसन विश्वनाथ ने कहा न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में फ्लॉप होने के बाद उन्हें उम्मीद नहीं थी कि बेटे का वर्ल्ड कप टीम में सिलेक्शन होगा।
विश्वनाथ ने कहा- संजू के लिए अपनी सेंचुरी से पहले टीम की जीत जरूरी होती है। उसे कई बार नजरअंदाज भी किया गया, लेकिन उसने हार नहीं मानी। किस्मत और मेहनत ने संजू का साथ दिया। वर्ल्ड कप में जब टीम को जरूरत थी, तब उसने अपना नेचुरल गेम खेला और जीत दिलाई। खासकर आखिरी के तीन बड़े मैच (सुपर-8, सेमीफाइनल और फाइनल) में।
संजू प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने इस टी20 वर्ल्ड कप में 5 मैच खेले, जिसमें 321 रन बनाए। फाइनल समेत आखिरी 3 मैच में फिफ्टी लगाई। पेसर जसप्रीत बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने फाइनल में 4 ओवर किए, जिसमें 15 रन देकर 4 विकेट लिए।

