संजू ने फैन को 30 हजार का स्मार्टफोन गिफ्ट किया: जेस्चर वायरल; IPL 2026 में CSK के लिए खेल रहे सैमसन
Published:
2 min read

CSK का अगला मैच दिल्ली कैपिटल्स के साथ 11 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के विकेटकीपर-बैटर संजू सैमसन ने एक फैन को करीब 30 हजार रुपए का स्मार्टफोन गिफ्ट कर दिल जीत लिया। इसका फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संजू इस समय IPL 2026 सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम के लिए खेल रहे हैं।
सैमसन कोयंबटूर जा रहे थे
दरअसल, यह वाकया केरल का बताया जा रहा है। सैमसन अपनी कार से घूम कर रहे थे। वह कोझिकोड से कोयंबटूर जा रहे थे और रास्ते में पलक्कड़ के पास एक जगह पर उन्होंने अपनी कार रोकी। शाम का समय था और वह एक फोन कॉल पर बात कर रहे थे।
उसी समय शबरीश नाम का एक युवक अपने दोस्त मणिकंदन के साथ वहां से गुजर रहा था। दोनों क्रिकेट खेलने के लिए मैदान जा रहे थे। रास्ते में खड़ी कार में उन्होंने किसी को देखा जो जाना-पहचाना लगा। पहले तो उन्हें यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब उन्होंने पास जाकर देखा तो पता चला कि वह संजू ही हैं।
सैमसन ने फैन्स के साथ फोटो खिंचवाई
उस समय संजू वीडियो कॉल पर थे, इसलिए उन्होंने इशारे से उन्हें थोड़ी देर रुकने को कहा। कॉल खत्म होने के बाद उन्होंने दोनों से आराम से बात की, हाल-चाल पूछा और फोटो लेने के लिए भी कहा। फैन ने अपने फोन से सेल्फी ली, लेकिन उसका फोन टूटा हुआ था। हालांकि स्क्रीन भी सही से काम नहीं कर रही थी। यह बात सैमसन की नजर से छिप नहीं पाई। उन्होंने तुरंत अपनी कार का पीछे वाला हिस्सा खोला और वहां से एक नया स्मार्टफोन निकालकर शबरीश को दे दिया। बताया जा रहा है कि उस फोन की कीमत करीब 30 हजार रुपए थी।
यह देखकर शबरीश और उसके दोस्त पूरी तरह हैरान रह गए। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि एक छोटा सा मुलाकात का पल इतना बड़ा तोहफा बन जाएगा। थोड़ी देर बातचीत करने के बाद संजू वहां से चले गए, लेकिन वह यादगार पल फैन के दिल में हमेशा के लिए बस गया।
IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेल रहे संजू की परफॉर्मेंस अभी तक खास नहीं रही है। उन्होंने इस सीजन की शुरुआती तीन पारियों में 6, 7 और 9 रन ही बनाए हैं। टीम का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा और लगातार हार का सामना करना पड़ा है। CSK का अगला मैच दिल्ली कैपिटल्स के साथ 11 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।


