संजू सैमसन का फ्लॉप शो: 16 टी20 पारी में 16.75 का एवरेज; वर्ल्ड कप में इंडिया का प्लेइंग-11 कॉम्बिनेशन क्या होगा
Published:
3 min read

संजू सैमसन ने पिछले 20 टी20 मैच में सिर्फ एक फिफ्टी लगाई। इस दौरान 16 पारियों में ही बैटिंग आई, जिसमें 268 रन बनाए।
स्पोर्ट्स डेस्क. न्यूजीलैंड को घरेलू टी20 सीरीज में हराने के बाद भारतीय टीम अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी में जुट गई है। इससे पहले ओपनर संजू सैमसन ने टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा दी है। संजू का बल्ला लगातार खामोश है। उन्हें न्यूजीलैंड सीरीज के सभी पांच टी20 में मौका दिया गया, लेकिन वे अपनी छाप नहीं छोड़ सके।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को घरेलू टी20 सीरीज में 4-1 से हराया है। अब टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेलना है। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा।
16 पारियों में सिर्फ 268 रन
संजू सैमसन की फॉर्म को लेकर बात करें तो वे पिछले साल से ही रन बनाने के लिए जूझते दिख रहे हैं। संजू ने पिछले 20 टी20 मैच (एक जनवरी 2025 से 1 फरवरी 2026 तक) में सिर्फ एक फिफ्टी लगाई।
इस दौरान संजू की 16 पारियों में ही बैटिंग आई, जिसमें 268 रन बनाए। इस दौरान संजू का एवरेज बेहद खराब 16.75 का रहा। संजू का बेस्ट स्कोर 56 रहा। इन 16 पारियों में संजू ने 14 छक्के और 22 चौके लगाए। यह खराब फॉर्म भारतीय मैनेजमेंट के लिए चिंता का विषय है।
न्यूजीलैंड सीरीज में बुरी तरह फ्लॉप
न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछली सीरीज में भी संजू सैमसन ही टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमजोरी बनकर सामने आए। संजू को पांचों मैचों में मौका मिला, लेकिन वे दमदार प्रदर्शन नहीं कर सके।
संजू ने 9.20 के बेहद खराब एवरेज से सिर्फ 46 रन बनाए। इसमें उनका बेस्ट स्कोर 24 रन रहा। एक बार वे खाता नहीं खोल सके थे। वर्ल्ड कप में संजू बेंच पर बैठे नजर आ सकते हैं।
वर्ल्ड कप में इंडिया का प्लेइंग-11 कॉम्बिनेशन
संजू के फ्लॉप फॉर्म को देखते हुए टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में बदलाव हो सकता है। संजू को बाहर बैठाकर ईशान किशन से ओपनिंग करवाई जा सकती है। इसका हिंट न्यूजीलैंड सीरीज के आखिरी मैच में मिला।
पहले ईशान ने सेंचुरी लगाकर टीम में अपनी जगह मजबूत कर ली। इसके बाद कप्तान सूर्या और कोच गौतम गंभीर ने ईशान से ही विकेटकीपिंग भी करवाई। इससे हिंट मिलता है कि वर्ल्ड कप की प्लेइंग-11 में संजू का शामिल होना मुश्किल है।

