खुद हटोगे या PCB हटाएगा : सलमान अली आगा से सवाल; अब भी बाबर के बचाव में पाकिस्तान के कप्तान
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान टीम T20 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है। सबसे ज्यादा सवाल कप्तान सलमान अली आगा से किए जा रहे हैं। पाकिस्तान रवाना होने से पहले आगा से मीडिया ने कुछ कड़वे सवाल किए।
हैरानी की बात यह है कि आगा अब भी उन बाबर आजम का बचाव कर रहे हैं, जिन्हें श्रीलंका के खिलाफ प्लेइंग 11 में जगह तक नहीं मिली।
इमोश्नल डिसीजन है साहब
एक जर्नलिस्ट ने सलमान से पूछा- ये बताइए कि पाकिस्तान लौटकर आप खुद टी20 की कप्तानी छोड़ेंगे या फिर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB आपको हटाएगा?
इस पर आगा बोले- ये बहुत इमोश्नल डिसीजन है। ये भी सही है कि हम इस वर्ल्ड कप में अच्छा नहीं खेले। मुल्क लौटकर दो-चार दिन इंतजार करेंगे और फिर कोई फैसला लेंगे।

क्या आप डमी कैप्टन हैं
एक और जर्नलिस्ट ने पूछा- कहा जाता है कि प्लेइंग 11 और कप्तान तक हेड कोच माइक हेसन ही सिलेक्ट करते हैं। इस लिहाज से तो आप डमी कैप्टन हुए। यह बात कितनी सच है?
आगा का जवाब था- अगर मैं इसका जवाब नहीं दूंगा तो ये आपकी बेइज्जती होगी। सच ये है कि टीम सब मिलकर चुनते हैं, क्योंकि ये टीम गेम है। किसी एक बंदे के हाथ में फैसला नहीं होता।
बाबर का रोल फिक्स था
मजे की बात यह रही कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबर आजम से जुड़ा पहले कोई सवाल नहीं हुआ, लेकिन कप्तान बिना पूछे ही सफाई देने लगे।
उन्होंने कहा- इस वर्ल्ड कप में बाबर को 4 नंबर पर इसलिए भेजा गया ताकि वो ज्यादा विकेट न गिरने दें। विकेट्स की झड़ी न लग जाए। उन्होंने एक्सपीरिएंस का भरपूर इस्तेमाल किया।

पाकिस्तान के हर प्लेयर पर 50 लाख जुर्माना
बता दें पाकिस्तान की टीम वर्ल्ड कप 2026 से रुखसत हो चुकी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी टीम के परफॉर्मेंस से बेहद खफा हैं। PCB ने डिसाइड कर लिया है कि इस बार टीम से परफॉर्मेंस रिपोर्ट नहीं मांगी जाएगी, बल्कि हार के बाद जुर्माना वसूला जाएगा। इस बार किसी रियायत या राहत की उम्मीद करना फिजूल है।
कुछ तो करना पड़ेगा
यह लगातार चौथा ICC इवेंट है, जिसमें पाकिस्तान क्रिकेट टीम सुपर 4 में नहीं पहुंच सकी। इसके बाद टीम को लेकर इतने सवाल उठ रहे हैं कि PCB को मुंह छिपाने की जगह भी मयस्सर नहीं हो रही।
पाकिस्तान के बड़े अखबार ‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ ने PCB सोर्स के हवाले से कहा- अब कुछ तो ऐसा करना पड़ेगा कि अवाम का गुस्सा ठंडा हो, प्लेयर्स को भी समझ में आए कि वो घटिया खेलने के बाद जिम्मेदारी से नहीं बच सकते।

PCB क्या करने वाला है
सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने के बाद PCB ने टीम मैनेजमेंट के जरिए हर प्लेयर को इन्फॉर्म कर दिया है कि उन्हें 50 लाख रुपए जुर्माना देना होगा। इंडियन करंसी में यह करीब 16.2 लाख रुपए होंगे।
PCB का कहना है कि पानी सिर से ऊपर जा चुका है। अब दवाई से नहीं मर्ज ठीक नहीं होगा, सर्जरी करना ही रास्ता है।

