क्या सचिन को संन्यास के लिए मजबूर किया: चीफ सिलेक्टर ने तेंदुलकर से कहा था- आपका रिप्लेसमेंट तलाश रहे हैं
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. सचिन तेंदुलकर ने 2013 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। अब उनके रिटायरमेंट को लेकर एक खुलासा हुआ है। उस समय BCCI के चीफ सिलेक्टर रहे संदीप पाटिल ने बताया कि उन्होंने 2012 में सचिन से कहा था कि टीम अब उनके रिप्लेसमेंट के बारे में सोच रही है। यह सुनकर सचिन हैरान हो गए थे।
कुछ समय बाद उन्होंने पहले वनडे और फिर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर लिया। तब पाटिल ने नागपुर में इंग्लैंड से टेस्ट में हार के बाद सचिन से मुलाकात की थी।
संदीप ने सचिन से बात की
पाटिल ने विक्की लालवानी के पॉडकास्ट में कहा- मैंने सचिन से पूछा कि आगे खेलने को लेकर उनकी क्या प्लानिंग है। सचिन को बोला टीम में नए खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए। BCCI उनका रिप्लेसमेंट तलाश रही है।यह बात सुनकर सचिन हैरान हो गए थे। उन्होंने पाटिल से पूछा कि ऐसा क्यों कहा जा रहा है। बाद में सचिन ने पाटिल को फोन करके दोबारा पूछा कि क्या सच में सिलेक्टर ऐसा सोच रहे हैं।

पाटिल ने आगे कहा- उस समय सचिन ने कहा था कि वह अभी क्रिकेट खेलना चाहते हैं। हालांकि इस बातचीत के कुछ ही दिनों बाद सचिन ने अचानक वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। यह फैसला उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले लिया था।
2012 में सचिन का फॉर्म खराब हो गया
2012 में सचिन का प्रदर्शन पहले जैसा नहीं रहा था। 2011 में भारत ने वर्ल्ड कप जीता था और सचिन का सपना पूरा हुआ था, लेकिन इसके बाद उनका फॉर्म थोड़ा गिर गया था। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भारत को दोनों टेस्ट सीरीज में 0-4 से हार मिली थी। इन मैचों में सचिन ने 8 टेस्ट में करीब 560 रन बनाए, हालांकि कोई शतक नहीं लगा सके।

2013 में सचिन ने रिटायरमेंट लिया
इसके बाद इंग्लैंड ने टीम इंडिया को घर में भी टेस्ट सीरीज में हरा दिया। उस सीरीज में सचिन का प्रदर्शन और खराब हो गया। उन्होंने 4 टेस्ट मैचों में सिर्फ 112 रन बनाए। इसी दौरान टीम के कई बड़े खिलाड़ी संन्यास ले चुके थे। सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण पहले ही इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़ चुके थे।

लोगों को लगने लगा था कि अब सचिन भी जल्द संन्यास ले सकते हैं। इसके बाद सचिन ने करीब एक साल और टेस्ट क्रिकेट खेला। 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने 4-0 से टेस्ट सीरीज जीती, लेकिन उस सीरीज में सचिन ज्यादा रन नहीं बना सके। उन्होंने 4 टेस्ट मैचों में 192 रन बनाए।
कुछ महीनों बाद सचिन ने IPL से भी संन्यास ले लिया। फिर 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने 200वें टेस्ट मैच के बाद उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट को पूरी तरह अलविदा कह दिया।
सचिन ने 24 साल क्रिकेट खेला
सचिन का इंटरनेशनल करियर लगभग 24 साल तक चला। उन्होंने अपने करियर में 34 हजार से ज्यादा रन बनाए और 200 टेस्ट मैच खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बने।

