बॉलीवुड से सचिन का गहरा कनेक्शन: जब अमिताभ के सामने शर्मिंदा हुए; कहा था- एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर के साथ मेरा कोई रिश्ता नहीं
Published:
4 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क. सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी होने वाली है। कहा जा रहा है कि 5 मार्च को अर्जुन लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड सानिया चांदोक के साथ सात फेरे लेंगे। तेंदुलकर फैमिली के इस इवेंट में कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। फिल्म इंडस्ट्री के नामचीन सितारे भी इसमें शिरकत करेंगे।
सचिन का बॉलीवुड से पुराना और खास रिश्ता रहा है। कभी सुपरस्टार्स के साथ उनकी गहरी दोस्ती चर्चा में रही, तो कभी पारिवारिक संबंधों ने सुर्खियों बटोरीं। कई मौकों पर फिल्मों में कैमियो और खास उपस्थितियों की वजह से भी वे खबरों में रहे। यही कारण है कि अर्जुन की शादी को सिर्फ एक पारिवारिक समारोह नहीं, बल्कि एक ग्लैमरस इवेंट के रूप में देखा जा रहा है।
तो आइए जानते हैं उन दिलचस्प किस्सों के बारे में, जिन्होंने सचिन तेंदुलकर को बॉलीवुड से जोड़े रखा...
अमिताभ बच्चन के सामने शर्मसार हुए थे सचिन
माना जाता है कि सचिन, अमिताभ बच्चन के साथ बहुत स्ट्रॉन्ग बॉन्ड शेयर करते हैं। लेकिन, एक बार सचिन को अमिताभ के सामने शर्मिंदा होना पड़ा था। 2017 में अमिताभ बच्चन के 75वें जन्मदिन पर सचिन ने एक किस्सा सुनाया था। कहा था- मैं एक एडवर्टाइजमेंट शूट कर रहा था। बेटा अर्जुन उस समय डेढ़ साल का था। शूटिंग के बीच अर्जुन मेरी गोद में बैठा संतरा खा रहा था। संतरा खत्म करने के बाद उसने बड़े आराम से अपने हाथ अमिताभ जी के कुर्ते पर पोंछ दिए। मुझे समझ नहीं आया कहां देखूं, मैं बहुत शर्मिंदा हो गया था। फिर मैंने उनसे माफी मांगी।
अमिताभ क्रिकेटर के तौर पर सचिन को बहुत पसंद करते हैं। जब सचिन ने 50 टेस्ट शतक पूरे किए थे, तब अमिताभ ने भी सचिन की तारीफ की थी। उन्होंने कहा था- सचिन महान है, इसमें बहस की जरूरत नहीं।
शिल्पा शिरोडकर के साथ अफेयर की अफवाह
90 के दशक में सचिन का नाम एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर के साथ जोड़ा गया था। शिल्पा ने खुद एक इंटरव्यू में बताया कि सचिन से उनकी मुलाकात 1991 में फिल्म हम के दौरान हुई थी। सचिन उनके कजिन के साथ क्रिकेट खेलते थे। शिल्पा ने कहा था- लेकिन, उस वक्त सचिन पहले से अंजलि को डेट कर रहे थे। यह बात उनके दोस्तों को पता थी।
दूसरी तरफ सचिन ने भी पुराने इंटरव्यू में इस अफवाह को पूरी तरह गलत बताया था। उन्होंने कहा कि वह शिल्पा को जानते तक नहीं थे। बाद में सचिन ने अंजलि मेहता से शादी की और दो बच्चों सारा और अर्जुन के पिता बने। वहीं, शिल्पा शिरोडकर ने 2000 में यूके-बेस्ड बैंकर अपरेश रंजीत से शादी कर ली।
लता मंगेशकर के साथ मां-बेटे जैसा रिश्ता
सचिन का बॉलीवुड में सबसे इमोशनल रिश्ता लता मंगेशकर के साथ रहा है। लता मंगेशकर उन्हें अपने बेटे की तरह मानती थीं और सचिन उन्हें “आई” कहकर बुलाते थे। सचिन के 100 इंटरनेशनल सेंचुरी पूरी होने पर लता मंगेशकर ने उनके लिए गाना भी गाया था।
इसके अलावा, लता मंगेशकर का रिश्ता सचिन की बेटी सारा से भी खास था। सारा, आशा भोसले की नातिन जनाई भोसले की करीबी दोस्त है। इस वजह से ही दोनों परिवारों में बहुत क्लोज रिलेशन है।
आमिर खान के साथ बहुत पुरानी दोस्ती
बॉलीवुड में सचिन की सबसे चर्चित दोस्ती आमिर खान के साथ रही है। दोनों की दोस्ती 20 साल से ज्यादा पुरानी मानी जाती है। आमिर कई बार सचिन को नंबर-1 क्रिकेटर भी बता चुके हैं। कई बार सचिन को भी आमिर की फिल्मों के प्रीमियर में देखा गया है।
फिल्मों में स्पेशल अपीयरेंस
सचिन ने फिल्मों में भी काम किया है। वह 2003 की फिल्म स्टम्पड में दिखाई दे चुके हैं। इस फिल्म में उन्होंने खुद के किरदार के लिए ही कैमियो किया था। दूसरी बार वे सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स (2017) में नजर आए। यह उनकी ऑफिशियल बायोपिक थी। इसमें उनके बचपन, स्ट्रगल, रिकॉर्ड और पर्सनल लाइफ को दिखाया गया है।

