RR टीम मैनेजर पर डगआउट में फोन इस्तेमाल करने का आरोप: BCCI की एंटी-करप्शन और सिक्योरिटी यूनिट जांच करेगी; 48 घंटे में जवाब मांगा
Published:
3 min read

BCCI ने राजस्थान रॉयल्स (RR) के टीम मैनेजर रोमि भिंदर से डगआउट में फोन इस्तेमाल करने पर जवाब मांगा है।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के टीम मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में फोन का इस्तेमाल कर विवादों में घिर गए हैं। अब इस मामले में जांच शुरू हो गई है और उनसे जवाब मांगा गया है।
पिछले सप्ताह RCB और RR मैच के दौरान राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में बैठे हुए फोन चलाते हुए नजर आए। इसके बाद इस बात को लेकर सवाल उठने लगे कि क्या उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया है।
डगआउट में फोन का इस्तेमाल करना गलत
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए BCCI की एंटी-करप्शन और सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) ने उन्हें नोटिस भेजा है। इस नोटिस में उनसे 48 घंटे के अंदर जवाब मांगा गया है। उनसे पूछा गया है कि उन्होंने डगआउट में फोन का इस्तेमाल क्यों किया।
IPL गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैनअरुण धूमल ने कहा है कि ACSU को इस पूरे मामले की जांच करने के लिए कहा गया है। जांच के बाद ही साफ होगा कि उन्होंने कोई नियम तोड़ा है या नहीं।

रोमी को अस्थमा की दिक्कत है
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक- भिंदर की सेहत भी इस मामले से जुड़ी हो सकती है। बताया जा रहा है कि उन्हें पहले भी बीमारी हो चुकी है। उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें नागपुर के अस्पताल में काफी समय तक भर्ती रहना पड़ा था। उन्हें फेफड़ों से जुड़ी समस्या भी हो चुकी है।
इसके अलावा, उन्हें अस्थमा की भी दिक्कत है। डॉक्टरों ने उन्हें ज्यादा चलने-फिरने या सीढ़ियां चढ़ने से बचने की सलाह दी है। इसी वजह से उन्हें कुछ खास छूट दी गई है, जैसे कि वे फोन अपने साथ रख सकते हैं। हालांकि, नियम यह भी कहते हैं कि डगआउट में फोन का इस्तेमाल करना सही नहीं है। यानी फोन रखना तो ठीक है, लेकिन उसे इस्तेमाल करना नियमों के खिलाफ माना जाता है।

किसी से बात नही कर रहे थे
सूत्रों के मुताबिक- उस समय भिंदर फोन पर किसी से बात नहीं कर रहे थे और न ही कोई कॉल कर रहे थे। वे सिर्फ फोन स्क्रॉल कर रहे थे, यानी उसमें कुछ देख रहे थे। एक और अहम बात यह है कि ड्रेसिंग रूम तक जाने के लिए उन्हें करीब 50 कदम चलना पड़ता है और फिर लगभग 20 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। ऐसे में बार-बार वहां जाना उनके लिए मुश्किल हो सकता है। इसलिए हो सकता है कि उन्होंने वहीं बैठकर फोन देख लिया हो।

