डगआउट में फोन यूज करने पर 1 लाख का जुर्माना: RR टीम मैनेजर को सजा; वैभव सूर्यवंशी को छोड़ा
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के टीम मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में फोन का इस्तेमाल कर विवादों में घिर गए। अब उन पर एक लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड () ने 15 साल के प्लेयर वैभव सूर्यवंशी को छोड़ दिया है।
दरअसल, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और राजस्थान के बीच हुए मैच में रोमी डगआउट में बैठे फोन चलाते हुए नजर आए थे। उनके ठीक पास वैभव भी बैठे हुए थे। वे भी रोमी के फोन में कुछ देखते हुए नजर आए थे।
48 घंटे के अंदर जवाब मांगा था
भ्रष्टाचार-रोधी नियमों के तहत कोई भी प्लेयर या स्टाफ मेम्बर डगआउट में मोबाइल यूज नहीं कर सकता। हालांकि कुछ स्टाफ मेम्बर्स ड्रेसिंग रूम में मोबाइल यूज कर सकते हैं।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए BCCI की एंटी-करप्शन और सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) ने उन्हें नोटिस भेजा था। इस नोटिस में उनसे 48 घंटे के अंदर जवाब मांगा गया था। उनसे पूछा गया है कि उन्होंने डगआउट में फोन का इस्तेमाल क्यों किया।

जांच में कुछ भी गड़बड़ नहीं दिखा
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार BCCI की एंटी-करप्शन और सिक्योरिटी यूनिट (ACSU) को जांच में कुछ भी गड़बड़ नहीं दिखा। यही वजह रही कि एक लाख रुपये का ज़ुर्माना लगाकर और वॉर्निंग देकर रोमी को छोड़ दिया।
जांचकर्ताओं ने पाया कि रोमी को मेडिकल स्थिति के कारण मोबाइल यूज करना जरूरी था। जांच के दौरान वैभव को लेकर कोई बात नहीं हुई। BCCI अधिकारियों ने माना कि वैभव अभी बच्चे हैं। किसी युवा प्लेयर को डराने-धमकाने का कोई मतलब नहीं है। उन्हें फ्रेंचाइजी द्वारा नियमों को बेहतर ढंग से समझाने की जरूरत है।
रोमी को अस्थमा की दिक्कत
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक- रोमी को पहले भी बीमारी हो चुकी है। उनकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि उन्हें नागपुर के अस्पताल में काफी समय तक भर्ती रहना पड़ा था। उन्हें फेफड़ों से जुड़ी समस्या भी हो चुकी है।
इसके अलावा, उन्हें अस्थमा की भी दिक्कत है। डॉक्टरों ने उन्हें ज्यादा चलने-फिरने या सीढ़ियां चढ़ने से बचने की सलाह दी है। इसी वजह से उन्हें कुछ खास छूट दी गई है, जैसे कि वे फोन अपने साथ रख सकते हैं।
सूत्रों के मुताबिक- रोमी सिर्फ फोन स्क्रॉल कर रहे थे। किसी से कॉल पर बात नहीं कर रहे थे। एक और अहम बात यह है कि ड्रेसिंग रूम तक जाने के लिए उन्हें करीब 50 कदम चलना पड़ता है और फिर लगभग 20 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं। ऐसे में बार-बार वहां जाना उनके लिए मुश्किल हो सकता है। इसलिए हो सकता है कि उन्होंने वहीं बैठकर फोन देख लिया हो।

