2025 में नहीं रुके Ro-Ko: खिताब जीते, पर संन्यास लेकर दिल तोड़ा; जानिए जर्सी नंबर और 2025 की गजब मिस्ट्री
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. साल 2025 जाते-जाते भारतीय क्रिकेट फैन्स के लिए खट्टी-मीठी यादें दे गया है। यह विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए कभी खुशी कभी गम की तरह रहा है। उन्होंने इस साल टीम इंडिया को चैम्पियंस ट्रॉफी जिताई। इन सबके बावजूद Ro-Ko (रोहित-कोहली) की इस जोड़ी को कोई भी टेस्ट से संन्यास लेने से नहीं रोक सका।
साल 2025 और कोहली-रोहित की जर्सी के बीच एक गजब की मिस्ट्री भी देखने को मिली। आज ईयर एंडर में हम Ro-Ko की जोड़ी को लेकर बात करेंगे कि इनके लिए यह साल कैसा रहा…
कोहली के करियर का आखिरी टेस्ट
37 साल के कोहली ने इस साल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट से की थी। 3 जनवरी से हुए इस मैच में वे बुरी तरह फ्लॉप रहे। कोहली ने दोनों पारियों में 17 और 6 रन बनाए। कोहली के करियर का यह आखिरी टेस्ट साबित हुआ। इसके बाद उन्होंने मई 2025 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया।
रोहित की कप्तानी में चैम्पियंस ट्रॉफी जीते
38 साल के रोहित ने इस साल कोई टेस्ट ही नहीं खेला। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से साल की शुरुआत की थी। दूसरा वनडे 9 फरवरी को कटक में हुआ, जिसमें रोहित ने 119 रनों की शतकीय पारी खेली थी।
सीरीज के बाद टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की कप्तानी में ही ICC चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 खेली, जिसमें अजेय रहते हुए खिताब जीता। रोहित ने टूर्नामेंट में एकमात्र फिफ्टी फाइनल में लगाई। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 76 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी।

कोहली ने जीती पहली IPL ट्रॉफी
यह साल कोहली के लिए शानदार रहा है। पहले चैम्पियंस ट्रॉफी खिताब जीता। इसके बाद करियर में पहली बार IPL खिताब भी जीत लिया। कोहली पहले IPL सीजन 2008 से ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए खेल रहे हैं। इस बार कोहली ने कप्तानी छोड़ दी थी। ऐसे में रजत पाटीदार को कमान सौंपी गई। पाटीदार की कप्तानी में RCB और कोहली ने अपना पहला खिताब जीता।
टेस्ट से संन्यास का ऐलान
मई 2025 में इंग्लैंड दौरे के लिए टेस्ट स्क्वॉड का ऐलान होना था। इससे ठीक पहले रोहित-कोहली ने अपने फैन्स को निराश करने वाली खबर दी। दोनों ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया। ऐसे में अब दोनों दिग्गज सिर्फ वनडे खेल रहे हैं, क्योंकि Ro-Ko की इस जोड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतते ही टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले लिया था।
जर्सी नंबर और 2025 की गजब मिस्ट्री
कोहली और रोहित शर्मा की जर्सी के साथ इस साल 2025 की गजब मिस्ट्री देखने को मिली। 2025 के सभी डिजिट को यदि जोड़ लें तो उसका टोटल 9 आएगा। दूसरी ओर रोहित की जर्सी नंबर 45 और कोहली की जर्सी नंबर 18 के डिजिट का भी टोटल 9 ही होता है। यह एक तरह से दोनों दिग्गज के लिए शानदार संयोग रहा है।

वनडे में भारतीय टॉप स्कोरर
रोहित और कोहली इस साल वनडे फॉर्मेट में भारतीय टीम के टॉप स्कोरर भी रहे हैं। कोहली पहले और रोहित दूसरे नंबर पर हैं। इस दौरान कोहली ने 13 वनडे में 651 रन बनाए, जबकि रोहित 14 वनडे में स्कोर 650 रहा। कोहली ने 3 सेंचुरी और 4 फिफ्टी लगाईं। रोहित 2 शतक और 4 अर्धशतक ही लगा सके।
कोहली ने एक टेस्ट खेला, जिसकी दोनों पारियों में 17 और 6 रन बनाए। रोहित इस साल कोई टेस्ट नहीं खेल सके। उन्होंने सिर्फ वनडे ही खेले।
2 लगातार सेंचुरी के साथ साल को अलविदा कहा
विराट कोहली ने इस साल को लगातार 2 वनडे सेंचुरी लगाकर अलविदा कहा है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज के शुरुआती दो मैचों में सेंचुरी लगाई। तीसरे मैच में नाबाद 65 रन बनाए थे।
कोहली को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने सीरीज में 302 रन बनाए। दूसरी ओर रोहित शर्मा ने इस सीरीज के दो मैचों में फिफ्टी लगाई। साल के अपने आखिरी वनडे में रोहित ने 75 रनों की पारी खेली।
कोहली-रोहित का करियर
रोहित शर्मा ने 23 जून 2007 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने पहला मैच आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट वनडे खेला था। उन्होंने अब तक 67 टेस्ट, 279 वनडे और 159 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। इसमें कुल 50 इंटरनेशनल सेंचुरी लगाई हैं।
दूसरी ओर विराट कोहली ने 18 अगस्त 2008 को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। उन्होंने भी वनडे से डेब्यू किया। पहला मैच श्रीलंका के खिलाफ दांबुला में खेला था। कोहली ने अब तक 123 टेस्ट, 308 वनडे और 125 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। इसमें कुल 84 इंटरनेशनल सेंचुरी लगाई हैं।

