सूर्या कैच छोड़ता तो उसे टीम से बाहर कर देता : रोहित ने T20 WC 2024 का मोमेंट शेयर किया, कहा- सूर्या के हाथ में बॉल फंस गई थी
Published:
3 min read

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने 2024 T20 विश्व कप में जीत हासिल की, जिसमें सूर्यकुमार यादव का फाइनल में डेविड मिलर का कैच गेम-चेंजर था। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. रोहित शर्मा ने T20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में मैच विनिंग कैच को लेकर मजेदार कमेंट किया है। यह हैरतअंगेज कैच सूर्यकुमार यादव ने लिया था। मुंबई में एक फंक्शन के दौरान रोहित ने कहा- अगर सूर्या ने वो कैच छोड़ दिया होता तो मैं उसे टीम से भी बाहर कर देता।

साउथ अफ्रीका को आखिरी 5 बॉल में 16 रन चाहिए थे।
ऑडियंस की हंसी नहीं थमी
रोहित ने यह बयान मराठी में दिया। कहा- सूर्या ने हाल ही में मुझसे कहा कि 2024 के उस फाइनल में डेविड मिलर का वो शॉट था। उस वक्त किस्मत ही थी कि बॉल उनके (सूर्या के) हाथों में फंस गई।
इसके बाद ऑडियंस की तरफ रोहित ने हंसते हुए कहा - अच्छा हुआ बॉल अटक गई। अगर कैच छूट जाता तो मैं भी उसे टीम से बाहर कर देता ।

टीम इंडिया ने 17 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती थी।
लॉन्ग ऑफ-लॉन्ग ऑफ मोमेंट
T20 वर्ल्ड कप 2024 के उस फाइनल में साउथ अफ्रीका को जीतने के लिए आखिरी ओवर में 16 रन की जरूरत थी। डेविड मिलर क्रीज पर थे। हार्दिक पंड्या बॉलिंग कर रहे थे। पहली ही गेंद फुलटॉस थी। मिलर ने लंबा शॉट खेला। बाउंड्री पर खड़े सूर्यकुमार यादव ने दौड़ते हुए रोप्स पर वो कैच पकड़ा। उन्हें लगा कि शायद कैच के वक्त वो बाउंड्री रोप्स टच कर सकते हैं। इसके बाद उन्होंने बॉल को हवा में उछाला। फिर खुद बाउंड्री के अंदर लौटे और कैच पूरा किया।
ये सिर्फ कैच नहीं, बल्कि मैच भी था। इसके बाद साउथ अफ्रीका टारगेट चेज नहीं कर सकी। रोहित इसी वाकये का जिक्र कर रहे थे।

भारत ने 20 ओवर में 176/7 का स्कोर बनाया। साउथ अफ्रीका 169/8 पर रुक गई।
हार्टबीट तेज थी
कुछ समय पहले भी रोहित ने इस मोमेंट के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था - ग्राउंड अंपायर ने इस कैच से जुड़ा फैसला रिव्यू के लिए तीसरे अंपायर के पास भेजा था। सभी प्लयेर की सांसें थम गई थीं। एक पल के लिए मुझे भी लगा था कि सूर्या शायद बाउंड्री के बाहर चले गए। हालांकि, बाद में रिप्ले से यह साफ हो गया था कैच क्लीन था।

सूर्यकुमार यादव ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में USA के खिलाफ मैच जिताऊ 84 रन बनाए।
7 रन से जीत
आखिरी ओवर में 16 के बजाए साउथ अफ्रीका 8 रन बना सकी थी। टीम इंडिया ने मैच 7 रन से जीता। इसके साथ ही टीम ने दूसरी बार T20 वर्ल्ड कप का टाइटल अपने नाम कर लिया था।

इस जीत के बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा ने T20 इंटरनेशनल से संन्यास की घोषणा कर दी।
स्पोर्ट्स से जुड़ी और भी खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे

