65 गेंद पर 143 रन की साझेदारी ने मुंबई को जिताया: रयान रिकेल्टन ने बताया क्यों सक्सेस हुई रोहित शर्मा के साथ पार्टनरशिप, हिटमैन की बैटिंग स्टाइल को भी सराहा
Published:
3 min read

लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में मुंबई की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 143 रन जोड़े।
स्पोर्ट्स डेस्क. मुंबई इंडियंस ने सोमवार (4 मई) को हुए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हरा दिया। रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन की ओपनिंग साझेदारी ने मुंबई को यह जीत दिलाई। रिकेल्टन 'प्लेयर ऑफ दी मैच' रहे। प्रजेंटेशन सेरेमनी के दौरान जब उनसे रोहित शर्मा के साथ पार्टनरशिप को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने हिटमैन की खूब तारीफ की। उन्होंने रोहित की बैटिंग स्टाइल, शांत दिमाग और अनुभव को बेहद खास बताया।
रोहित के साथ बैंटिग करना मजेदार
रिकेल्टन ने कहा- रोहित के साथ बैंटिग करना बहुत खास है। वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं, उनके साथ खेलना मजेदार है। वो कुछ समय से बाहर थे, लेकिन जिस तरह से उन्होंने वापसी की, वह सच में तारीफ के काबिल हैं।
रिकेल्टन ने रोहित से बहुत कुछ सीखने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि करियर की शुरुआत में उन्होंने रोहित से बैटिंग के बारे में काफी बातें सीखी। टेस्ट और वनडे क्रिकेट में मेंटली तौर पर तैयार रहने के मामले में भी उन्हें रोहित से कुछ टिप्स मिले।
उन्होंने आगे कहा- रोहित खेल को बहुत अच्छे से समझते हैं। वो दबाव में भी शांत रहते हैं और अपने गेम पर भरोसा रखते हैं। इसलिए वो दुनिया के क्लास प्लेयर में से एक हैं। वो अलग ही लेवल के प्लेयर हैं।
रिकेल्टन ने यह भी बताया कि दोनों की साझेदारी इसलिए अच्छी चलती है क्योंकि एक लेफ्ट-हैंडेड और एक राइट-हैंडेड बल्लेबाज है। दोनों अलग-अलग एरिया में रन बनाते हैं और पहले से तय रहता है कि किस गेंदबाज पर दबाव बनाना है।

हार्दिक की पीठ में खिंचाव
रिकेल्टन ने कप्तान हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर भी अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरी जानकारी नहीं है कि हार्दिक कब तक वापस आएंगे। बस इतना पता है कि उन्हें बैक स्पाज्म (पीठ में खिंचाव) हुआ है। रिकेल्टन ने उम्मीद जताई कि हार्दिक जल्द ही टीम के साथ जुड़ जाएंगे।

मुंबई प्लेऑफ की रेस में बरकरार
MI टीम ने अब तक 10 में से 3 मैच जीते हैं। 7 में उसे हार मिली है। इस तरह यह टीम 6 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर काबिज है। उसे अभी 4 मैच और खेलने हैं। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए MI को अब सभी 4 मैच जीतने होंगे। उसके बाद भी प्लेऑफ की गारंटी नहीं रहेगी। तब नेट रनरेट का मामला फंस सकता है। दूसरी ओर लखनऊ टीम है, जिसने 9 में से सिर्फ 2 ही मैच जीते हैं, जबकि 7 में हार मिली है। लखनऊ को भी प्लेऑफ की रेस में बने रहना है तो अपने बाकी बचे 5 मैच हर हाल में जीतने होंगे।
कैसा रहा मुंबई vs लखनऊ का मुकाबला
लखनऊ सुपर जायंट्स ने मुंबई के सामने 229 रन का टारगेट रखा। इसके जवाब में रोहित और रिकल्टन ने पहले विकेट के लिए 143 रन की साझेदारी की। रोहित ने चोट से वापसी करते हुए जबरदस्त बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 44 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल थे। इसी तरह रिकेल्टन ने भी 32 गेंद में 83 रन जड़ डाले।

