हर बार शुरुआत बड़ी पारी में नहीं बदलती: गिल ने रोहित को डिफेंड किया, कहा- वे अच्छे फॉर्म में, एक सीरीज डिसाइड नहीं करती प्रदर्शन
Published:
2 min read

न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में रोहित शर्मा कुछ खास नहीं कर पाए। उन्होंने 3 मैच में सिर्फ 61 रन बनाए।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गई वनडे सीरीज में इंडिया को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस सीरीज में रोहित शर्मा का बैट खामोश रहा, जिसके बाद उनके फॉर्म को लेकर सवाल उठने लगे। अब भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने रोहित का खुलकर डिफेंड किया है और कहा कि क्रिकेट में हर बार अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदल पाना आसान नहीं होता। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में रोहित शर्मा कुछ खास नहीं कर पाए। उन्होंने 3 मैच में सिर्फ 61 रन बनाए।
42 रन से हारा भारत
सीरीज का तीसरा और डिसाइडर मुकाबला इंदौर में खेला गया था। इस मैच में भारत को जीत के लिए 338 रनों का बड़ा टारगेट मिला था। हालांकि रोहित इस अहम मुकाबले में सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। पूरी टीम इंडिया 42 रन पीछे रह गई और न्यूजीलैंड ने भारत की जमीन पर पहली वनडे सीरीज जीती।

'हमेशा कोई सेंचुरी नहीं लगाता'
मैच के बाद कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा का बचाव करते हुए कहा- रोहित हाल के समय में शानदार फॉर्म में रहे हैं। आप हर बार शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सकते। हर बैट्समैन चाहता है कि वह शतक लगाए, हालांकि क्रिकेट में ऐसा हमेशा नहीं होता। रोहित भाई इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बेहतरीन खेल दिखा चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया सीरीज में हिटमैन ने 202 रन बनाए थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था। वहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने 146 रन बनाए, जिसमें 2 फिफ्टी शामिल थी।
6 महीने बाद इंटरनेशनल मैच खेलेंगे
अब भारत की अगली वनडे सीरीज जून महीने में खेली जाएगी। रोहित के पास एक बार फिर खुद को साबित करने का मौका होगा। हालांकि टीम में जगह को लेकर मुकाबला बढ़ता जा रहा है। यंग बैटर यशस्वी जायसवाल पहले ही शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। फिलहाल गिल के बयान से साफ है कि टीम मैनेजमेंट हिटमैन पर भरोसा बनाए हुए है और एक सीरीज के खराब प्रदर्शन के आधार पर उनके अनुभव और काबिलियत पर सवाल नहीं उठाए जा रहे हैं।


