रोहित के आने से पूरी MI अलग दिखी : पूर्व क्रिकेटर बोले - उनकी बैटिंग फ्लो में थी, हिटमैन ने 5 मैच मिस करने के बाद 84 रन की इनिंग खेली
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. मुंबई इंडियंस (MI) ने सोमवार (4 मई) को हुए मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया। वहीं चोट के बाद टीम में लौटे रोहित ने आते ही 84 रन की पारी खेली। 229 रन के टारगेट का पीछा करते हुए टीम को जीत दिला दी। पिछले 5 मैच मिस करने के बाद रोहित ने दिखा दिया कि उनकी मौजूदगी टीम के लिए कितनी जरूरी है।
असल में, IPL 2026 में हिटमैन ने हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण MI के लिए 5 लगातार मैच मिस किए। उन्होंने 12 अप्रैल को RCB के खिलाफ मैच के बाद से ब्रेक लिया था। 4 मई 2026 को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ कमबैक किया।

बैटिंग काफी फ्लो में थी
इस जीत के बाद पूर्व क्रिकेटर मनोज तीवारी ने रोहित की तारीफ की। उन्होंने कहा - रोहित को देखकर बिल्कुल नहीं लगा कि वह लंबे समय बाद खेल रहे हैं। उनकी बैटिंग काफी फ्लो में दिखी।
तिवारी ने यह भी कहा- रोहित की मौजूदगी और गैरमौजूदगी का फर्क साफ नजर आया। फैंस भी सोच रहे होंगे कि यही मुंबई टीम पहले कहां थी। रोहित के आने से टीम कॉन्फिडेंस और गेम दोनों बदल गया।

44 बॉल में 84 रन
रोहित ने 44 बॉल में 84 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने शुरुआत से ही अटैकिंग गेम खेला। बॉलर्स पर प्रेशर बनाए रखा। उनके साथ रयान रिकेल्टन ने भी 32 बॉल में 83 रन की पारी खेली। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 143 रन जोड़ दिए। इसके बाद मैच पूरी तरह मुंबई के कंट्रोल में आ गया।


