सेमी में रोहित शर्मा की फिटनेस पर चर्चा: साक्षी धोनी के कमेंट पर कयास, मॉर्गन- मैक्कुलम और हिटमैन के मजेदार पल
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ICC मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच के दौरान कई दिलचस्प पल देखने को मिले। एक तरफ सोशल मीडिया पर यह दावा वायरल हुआ कि साक्षी ने रोहित शर्मा से कहा- आप काफी फिट लग रहे हो। वहीं रोहित के वजन कम करने की चर्चा भी तेज रही। इसके साथ ही रोहित और कुलदीप के बीच एक मजेदार पल भी कैमरे में कैद हुआ।
साक्षी का कमेंट सिर्फ अफवाह
सेमीफाइनल मुकाबले को देखने के लिए पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी पत्नी साक्षी के साथ स्टेडियम पहुंचे थे। मैच से पहले धोनी कई प्लेयर से मिलते और उनसे बातचीत करते नजर आए। इसी दौरान रोहित शर्मा से उनकी मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इस वीडियो को लेकर X पर कुछ यूजर्स ने दावा किया कि साक्षी ने रोहित से कहा था कि आप बहुत फिट लग रहे हो। यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और कई लोगों ने इस पर रिएक्शन दिए।
हालांकि अब यह साफ हो चुका है कि साक्षी ने रोहित की फिटनेस पर कोई कमेंट नहीं किया था।
इतनी शानदार फिटनेस कैसे हासिल की
सेमीफाइनल के दौरान रोहित शर्मा की फिटनेस भी चर्चा का बड़ा विषय बनी रही। बताया जा रहा है कि रोहित ने हाल के महीनों में लगभग 10 किलो तक वजन कम किया है। उनकी इस फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन को देखकर कई पूर्व क्रिकेटर भी हैरान रह गए।
इंग्लैंड टीम के साथ बातचीत के दौरान इयोन मॉर्गन और ब्रेंडन मैक्कुलम ने भी रोहित की फिटनेस पर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की। मॉर्गन ने उनसे पूछा कि इतनी शानदार फिटनेस कैसे हासिल की? वहीं मैक्कुलम ने मजाक में कहा- बाकी शरीर कहां चला गया?
इस पर रोहित ने भी हंसते हुए जवाब दिया-सब चला गया। इस हल्के-फुल्के मजाक ने माहौल को और भी मजेदार बना दिया। मैच से पहले एक और मजेदार पल सामने आया।जब रोहित की मुलाकात कुलदीप यादव से हुई। रोहित उन्हें गले लगाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन तभी उनकी नजर कुलदीप की टी-शर्ट पर पड़े एक निशान पर गई।
रोहित तुरंत रुक गए और उस निशान की ओर इशारा करते हुए हंसने लगे। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच मजाक शुरू हो गया और कुलदीप भी जोर-जोर से हंसने लगे। यह छोटा सा पल कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

