रियान पराग पर 25% फाइन: IPL मैच के दौरान ई-सिगरेट पीते दिखे, BCCI ने कहा- अगली बार सख्त कार्रवाई होगी
Published: Updated:
2 min read

भारत में ई-सिगरेट बैन है। 2019 में लागू कानून के तहत ई-सिगरेट की खरीदी, बिक्री, स्टोरेज, एडवरटाइजिंग, इम्पोर्ट और इस्तेमाल से जुड़े कई मामलों पर बैन लगाया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2026 के बीच राजस्थान रॉयल्स (RR) टीम के कप्तान रियान पराग ई-सिगरेट पीते नजर आए। एक मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग (ई-सिगरेट पीना) करते हुए पकड़े जाने पर BCCI ने पराग पर 25% फाइन लगाया है। यह मैच पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मुल्लांपुर में खेला गया था।
1 डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया
इस घटना के बाद अंपायर्स ने इसकी शिकायत मैच रेफरी से की। इसके आधार पर BCCI ने रियान पराग पर उनकी मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया। साथ ही उनके खाते में 1 डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया।
BCCI के मुताबिक- पराग ने IPL के नियमों के तहत खेल की छवि खराब करने (Code of Conduct का Article 2.21) का उल्लंघन किया है। यह Level 1 का अपराध माना जाता है, जो सबसे हल्का उल्लंघन होता है। आमतौर पर इसमें जुर्माना और डिमेरिट पॉइंट ही दिए जाते हैं।

BCCI ने क्या कहा
BCCI ने कहा- वह इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और आगे ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने के विकल्प तलाश रहा है, ताकि IPL की इमेज खराब ना हो।

लोगों का रिएक्शन
सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल होते ही इस घटना की आलोचना हुई। यूजर्स का कहना है कि एक कप्तान होने के नाते पराग को जिम्मेदारी दिखानी चाहिए थी, खासकर जब टीम में युवा खिलाड़ी भी हैं।

2019 से बैन है
भारत में वेपिंग पहले से ही बैन है। 2019 के कानून के मुताबिक ई-सिगरेट का इस्तेमाल और बिक्री पर बैन है। ऐसे में पराग का यह मामला और भी विवादित माना जा रहा है।
9 मैच में 116 रन
IPL 2026 सीजन में रियान पराग ने अब तक 9 मैच खेले, जिसमें 116 रन बनाए हैं। इस बार उनकी बल्लेबाजी पहले जितनी अच्छी नहीं रही। अभी उनका औसत 14.50 है और स्ट्राइक रेट 123.40 है।

