पंत कन्फ्यूजन में DRS नहीं ले सके: फिर मार्करम के ओवर में 5 सिक्स लगे, लखनऊ के सबसे महंगे बॉलर बने
Published: Updated:
3 min read

लखनऊ टीम की यह लगातार तीसरी हार है। उसने 6 में से 2 मैच जीते और 4 हारे हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 29वां मैच एकतरफा रहा। रविवार (19 अप्रैल) को न्यू चंडीगढ़ में हुए इस मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 54 रन से शिकस्त दी। इस मैच में वैसे तो काफी सारे मोमेंट्स हुए, लेकिन दो ऐसे थे, जिसे ज्यादातर फैन्स ने नोटिस किया और यह वायरल भी हुआ।
पहला तो यह है कि मैच में लखनऊ टीम के कप्तान और विकेटकीपर ऋषभ पंत की एक गलती से पूरा मैच पंजाब की झोली में चला गया। एक खास मौका था जब पंत DRS लेकर कूपर कोनोली को आउट कर सकते थे, लेकिन वे DRS लेने में कन्फ्यूज हो गए।
इस तरह कूपर को जीवनदान मिला और उन्होंने 87 रन की पारी खेलकर पंजाब टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। यह जीवनदान एडेन मार्करम को भी भारी पड़ा। उनके ओवर में 5 सिक्स लगे, जिसमें कूपर ने 3 और प्रियांंश आर्य ने 2 सिक्स लगाए। आइए जानते हैं दोनों मामले…
पंत DRS लेने में कन्फ्यूज हुए
पहला मोमेंट तो पंजाब की पारी के दौरान दूसरे ओवर में ही हुआ। मोहसिन खान की चौथी बॉल कूपर के पैड पर लगी थी। इस पेसर को पूरा भरोसा था कि कूपर आउट है। उसने अपील भी की, लेकिन अंपायर ने आउट नहीं दिया। तब उसने कप्तान पंत से DRS के लिए कहा।
पंत ने सोचा, लेकिन 15 सेकंड का टाइम खत्म होने तक वे सोचते ही रहे और काफी कन्फ्यूज भी दिखे। पंत आखिर में DRS नहीं ले पाए। तब टीवी रीव्यू में देखा गया कि बॉल स्टम्प्स पर लग रही थी। यानी पंत DRS लेते तो कूपर आउट होते, लेकिन लखनऊ के कप्तान ने इस बैटर को कन्फ्यूजन में जीवनदान दे दिया।
इस समय तक कूपर 5 बॉल पर 4 रन बनाकर खेल रहे थे। उन्होंने इस जीवनदान का फायदा उठाया और 46 बॉल पर 87 रन की पारी खेली। उन्होंने 7 सिक्स और 8 चौके लगाए।

मार्करम लखनऊ टीम के सबसे महंगे बॉलर बने
पंत की गलती का फायदा पंजाब टीम के ओपनर्स ने उठाया। प्रियांश आर्य और कूपर ने 80 बॉल पर 182 रन की पार्टनरशिप की। इसी बीच एडेन मार्करम के ओवर में 5 सिक्स लगाते हुए 32 रन बनाए। यह पारी का 13वां ओवर था।
इस ओवर में सबसे पहले कूपर ने शुरुआती 3 बॉल पर 3 सिक्स लगाए। फिर एक वाइड रही और चौथी बॉल पर सिंगल लिया। आखिरी 2 बॉल पर प्रियांश ने 2 सिक्स लगाए। इस तरह मार्करम को ओवर में 5 सिक्स के साथ 32 रन बने। इस तरह मार्करम एक ओवर में सबसे ज्यादा रन देने वाले लखनऊ के सबसे महंगे बॉलर बन गए।
इससे पहले यह रिकॉर्ड स्पिनर रवि बिश्नोई के नाम था। उन्होंने 2022 सीजन के एलिमिनेटर मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ एक ओवर में 27 रन दिए थे। यह मैच कोलकाता में हुआ था।

