हर कदम पर आपकी जरूरत पड़ेगी: पिता के लिए रिंकू सिंह की इमोशनल पोस्ट; खान चंद का 27 फरवरी को निधन हुआ
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के दो दिन बाद टीम इंडिया के बैटर रिंकू सिंह ने पिता खान चंद सिंह को याद किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर इमोशनल पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा कि पापा मुझे हर कदम पर आपकी जरूरत पड़ेगी। रिंकू के पिता का निधन 27 फरवरी को हुआ। तब रिंकू टी20 वर्ल्ड कप खेल रहे थे।
खान चंद स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे
रिंकू बीच टूर्नामेंट से आए और पिता का अलीगढ़ में अंतिम संस्कार किया। इसके बाद फिर टीम को ज्वॉइन किया। इसके बाद भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड और फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता। दोनों मैच में रिंकू को प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली थी।
खान चंद स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, जहां हालत बिगड़ने के बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट और रीनल थेरेपी पर रखा गया था। तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
'बहुत मिस करूंगा आपको पापा'
रिंकू सिंह ने पोस्ट में लिखा- आपसे बात किए बिना इतने दिन कभी नहीं निकले। मुझे नहीं पता आगे की जिंदगी आपके बिना कैसे चलेगी। पर मुझे हर कदम पर आपकी जरूरत पड़ेगी। आपने सिखाया था कि फर्ज सबसे आगे है, तो फील्ड पर बस आपका सपना पूरा करने की कोशिश कर रहा था।
अब आपका सपना पूरा हो गया है, तो बस यही लगता है कि काश आप मेरे पास होते। हर छोटी बड़ी खुशी में आपकी कमी खलेगी। बहुत मिस करूंगा आपको पापा... बहुत ज्यादा।
टी20 वर्ल्ड कप में रिंकू का परफॉर्मेंस
इस टी20 वर्ल्ड कप में रिंकू सिंह ने 5 मैच खेले। इस दौरान सिर्फ 24 रन बनाए। उनका एवरेज भी 8 का रहा, जो बेहद खराब है। रिंकू का हाइएस्ट स्कोर नाबाद 11 रन रहा। हालांकि रिंकू 6 नंबर के बाद ही बैटिंग के लिए आते हैं। ऐसे में बड़े स्कोर के लिए ज्यादा मौके नहीं मिले।
गैस सिलेंडर बांटने का काम करते थे रिंकू सिंह के पिता
खान चंद अलीगढ़ में गैस सिलेंडर बांटने का काम करते थे और अपने परिवार का खर्च चलाते थे। इसी कमाई से अपने बच्चों को आगे बढ़ाने की कोशिश में जुटे रहते थे। रिंकू के क्रिकेट करियर के दौरान पिता मजबूती से साथ खड़े रहे। बेटे के मशहूर होने के बाद भी खान चंद सिंह जमीन से जुड़े रहे और अपना रोजमर्रा का काम करते रहे।

