RCB ने दूसरा WPL खिताब जीता: फाइनल में दिल्ली को 6 विकेट से हराया, मंधाना और जॉर्जिया की मैच विनिंग फिफ्टी
Published: Updated:
3 min read

स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 बॉल पर 165 रनों की पार्टनरशिप हुई। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का फाइनल गुरुवार (5 फरवरी) को वडोदरा के BCA स्टेडियम कोटंबी में खेला गया। इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया है। बेंगलुरु की कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वोल ने मैच विनिंग फिफ्टी लगाई।
मैच में दिल्ली ने 204 रन का टारगेट दिया था, जिसके जवाब में बेंगलुरु टीम ने 4 विकेट गंवाकर 204 रन बनाते हुए मैच और खिताब अपने नाम कर लिया। जॉर्जिया ने 54 बॉल पर 79 रन बनाए, जबकि मंधाना ने 41 बॉल पर 87 रनों की नाबाद पारी खेली।
दोनों प्लेयर्स के बीच दूसरे विकेट के लिए 92 बॉल पर 165 रनों की पार्टनरशिप हुई। पहला विकेट ग्रेस हैरिस के रूप में गिरा था, जिन्होंने 9 रन बनाए। यह विकेट चिनले हेनरी ने लिया। दूसरा विकेट जॉर्जिया का गिरा। मिन्नू मणि की बॉल पर उनका कैच शेफाली वर्मा ने लिया।
दिल्ली की कप्तान जेमिमा की फिफ्टी
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 4 विकेट पर 203 रन बनाए थे। कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने 37 बॉल पर 57 रनों की पारी खेली। लौरा वोलवार्ट ने 25 बॉल पर 44 और चिनले हेनरी ने 15 बॉल पर 35 रन बनाए।
विकेटकीपर बैटर लिजेल ली ने 30 बॉल पर 37 रन बनाए। बेंगलुरु टीम की ओर से नादिन डी क्लार्क, अरुंधति रेड्डी और सयाली सतघारे ने 1-1 विकेट लिया।
मुंबई-बेंगलुरु टीम ने 2-2 खिताब जीते
WPL में अब तक 4 सीजन हुए। इसमें मुंबई और बेंगलुरु टीम ने 2-2 खिताब जीते हैं। खास बात यह है कि चारों सीजन में दिल्ली कैपिटल्स ने ही फाइनल खेले, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी।
WPL का पहला सीजन 2023 में खेला गया था। तब मुंबई इंडियंस ने खिताब जीता था। दूसरा सीजन 2024 में हुआ। तब बेंगलुरु टीम ने खिताब अपने नाम किया था। फिर तीसरे सीजन में मुंबई दूसरी बार चैम्पियन बनी। उसी तरह इस बार 2026 सीजन में बेंगलुरु टीम ने अपना दूसरा खिताब जीता।
RCB की प्लेइंग 11
ग्रेस हैरिस, स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, नादिन डी क्लार्क, पूजा वस्त्राकर, अरुंधति रेड्डी, श्रेयांका पाटिल, लॉरेन बेल और सयाली सतघारे।
DC की प्लेइंग 11
लिजेल ली, शेफाली वर्मा, लौरा वोलवार्ट, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), निकी प्रसाद, मारिजन काप, चिनले हेनरी, स्नेह राणा, श्री चरणी, मिन्नू मणि और नंदनी शर्मा।

