RCB 5वीं जीत के साथ दूसरे नंंबर पर: गुजरात को 5 विकेट से हराया, सुदर्शन की सेंचुरी पर कोहली-पडिक्कल की फिफ्टी भारी
Published: Updated:
3 min read

RCB के लिए विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल के बीच 59 बॉल पर 115 रन की पार्टनरशिप हुई। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 34वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) के बीच शुक्रवार (24 अप्रैल) को खेला गया। घरेलू मैदान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए इस मैच को RCB ने 5 विकेट से जीत लिया। इसके साथ ही यह टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई। विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच में बेंगलुरु टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया। जवाब में गुजरात टीम ने 206 रन का टारगेट सेट किया। जिसे बेंगलुरु टीम ने 5 विकेट गंवाकर 18.5 ओवर में ही चेज कर लिया। गुजरात के लिए साई सुदर्शन ने सेंचुरी लगाई, लेकिन RCB के विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल की फिफ्टी भारी पड़ गई।
RCB टीम 206/5 (18.5 ओवर)
बेंगलुरु टीम के लिए कोहली ने 44 बॉल पर 81 रन की पारी खेली। इस दौरान 4 सिक्स और 8 चौके लगाए। जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 27 बॉल पर 55 रन बनाए। उन्होंने 6 सिक्स और 2 चौके लगाए। कोहली और पडिक्कल के बीच 59 बॉल पर 115 रन की पार्टनरशिप हुई।
इनके अलावा आखिर में क्रुणाल पंड्या ने 12 बॉल पर नाबाद 23 रन बनाए। गुजरात टीम के लिए स्पिनर राशिद खान ने 2 विकेट लिए। 1-1 सफलता मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर और मानव सुथार को मिली।
गुजरात 205/3, सुदर्शन की सेंचुरी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए गुजरात टीम ने 3 विकेट पर 204 रन बनाए। ओपनर साई सुदर्शन ने 57 बॉल पर सेंचुरी लगाई। वे अगली बॉल पर आउट हुए। उन्होंने 58 बॉल पर 100 रन बनाए। कप्तान शुभमन गिल ने 24 बॉल पर 32 और जोस बटलर ने 16 बॉल पर 25 रन बनाए।
आखिर में जेसन होल्डर 10 बॉल पर 23 और वॉशिंगटन सुंदर 12 बॉल पर 19 रन बनाकर नाबाद लौटे। बेंगलुरु टीम के लिए भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा ने 1-1 विकेट लिया।
गुजरात की लगातार दूसरी हार
बेंगलुरु टीम को पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से हराया था। जबकि गुजरात टीम भी पिछला मैच हारी थी। उसे मुंबई इंडियंस ने 99 रन से शिकस्त दी थी। बेंगलुरु ने यह मैच जीत लिया, लेकिन गुजरात की लगातार दूसरी हार हुई।
बेंगलुरु टीम दूसरे नंबर पर पहुंची
दोनों ही टीमोंं का यह 7वां मैच रहा। RCB ने अब तक 7 में से 5 मैच जीते और 2 हारे हैं। यह टीम अभी 10 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। जबकि गुजरात टीम ने 7 में से 3 मैच जीते और 4 हारे हैं। यह टीम 6 पॉइंट के साथ 7वें नंबर पर बरकरार है।
दोनों प्लेइंग-11
बेंगलुरु टीम: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा और रसिख सलाम डार।
इम्पैक्ट सब: जैकब बेथेल, जॉर्डन कॉक्स, मंगेश यादव, विक्की ओस्टवाल और वेंकटेश अय्यर।
गुजरात टीम: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, मानव सुथार, कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज।
इम्पैक्ट सब: प्रसिद्ध कृष्णा, अनुज रावत, ग्लेन फिलिप्स, निशांत सिंधु और अरशद खान।

