कार्तिक-पाटीदार की अंपायर से बहस: ड्रिंक्स ब्रेक के बीच कन्फ्यूजन, जानिए मामला; VIDEO
Published: Updated:
3 min read

CSK के खिलाफ एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए मैच को RCB ने 43 रन से जीत लिया। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 11वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच रविवार (5 अप्रैल) को खेला गया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ यह मैच RCB ने 43 रन से जीता। इसी मैच के दौरान का एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें RCB स्टाफ और फील्ड अंपायर्स के बीच बहस होती दिख रही है।
दरअसल, यह मामला RCB की पारी में दूसरे स्ट्रेटेजिक टाइम के दौरान का है। RCB के बैटिंग कोच दिनेश कार्तिक और हेड कोच एंडी फ्लॉवर ड्रिंक्स लेकर मैदान पर आते हैं। वे दोनों बैटिंग कर रहे कप्तान रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल से बात करते हैं।
कार्तिक अंपायर्स के सामने गुस्से में दिखे
इसी दौरान कार्तिक की किसी बात पर पाटीदार अंपायर्स की ओर ईशारा करते हैं। फिर सभी अंपायर से पास आते हैं और बात करते हैं। कार्तिक गुस्से में दिख रहे होते हैं।
तभी एक फील्ड अंपायर RCB के ही डगआउट की ओर इशारा करते हैं। सभी के बीच काफी गहमा गहमी होती दिखती है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
ज्यादातर सोशल मीडिया यूजर्स ने कमेंट्स में दावा किया है कि अंपायर्स ने प्लेयर्स के लिए लाई गई ड्रिंक्स ले ली थी, इसलिए कार्तिक नाराज दिखे। हालांकि यह सच नहीं है।
आखिर क्या है ये सारा मामला…
दरअसल, यह सारा कन्फ्यूजन स्ट्रेटेजिक टाइम यानी ड्रिंक्स ब्रेक को लेकर था। रूल्स के मुताबिक, एक पारी में दो स्ट्रेटेजिक टाइम आउट होते हैं। पहला 6 से 9 ओवर के बीच होता है, जिसे बॉलिंग टीम लेती है।
दूसरा स्ट्रेटेजिक टाइम आउट 13 से 16 ओवर्स के बीच होता है, जिसे बैटिंग टीम लेती है। क्रीज पर मौजूद बैटर्स यह स्ट्रेटेजिक टाइम लेते हैं या उसी टीम के डगआउट से कोई इशारा करता है। मगर इस पारी में ऐसा होता नहीं दिखा।
बैटिंग कर रहे पाटीदार और पडिक्कल ने स्ट्रेटेजिक टाइम नहीं लिया था। कार्तिक के पूछने पर पाटीदार ने भी यही कहा। फिर बैटिंग कोच ने अंपायर से पूछा कि आखिर किसके कहने पर यह स्ट्रेटेजिक टाइम दिया गया। तब एक अंपायर ने इशारा करके बताया कि उन्हें ऐसा लगा जैसे डगआउट से किसी ने कहा था। शायद इसी वजह से सारा कन्फ्यूजन हुआ।
RCB ने 43 रन से मैच जीता
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुआ यह मैच RCB ने 43 रन से जीत लिया। मैच में बेंगलुरु टीम ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 251 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में चेन्नई टीम 207 रन ही बना सकी और मैच गंवा दिया।
आखिर में टिम डेविड ने 25 बॉल पर नाबाद 70 और कप्तान रजत पाटीदार ने 18 बॉल पर नाबाद 48 रन की पारी खेली। डेविड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

