RCB के कप्तान को 2 बार वॉर्निंग: ओवर बदलने में कर रहे थे देरी, जानिए स्टॉप क्लॉक रूल
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 26वां मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच शनिवार (18 अप्रैल) को खेला गया। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए इस मैच को दिल्ली ने 6 विकेट से जीत लिया। इस मैच में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने दो बार एक नियम तोड़ा।
पाटीदार को दो बार वॉर्निंग मिली
इसके बाद अंपायर ने उन्हें दोनों बार वॉर्निंग भी दी। दरअसल, दिल्ली टीम की बैटिंग के दौरान पाटीदार ओवर बदलने में काफी देरी कर रहे थे। वे स्टॉप क्लॉक रूल के मुताबिक 60 सेकंड से ज्यादा का टाइम ले रहे थे।
ऐसे में अंपायर ने उन्हें एक वॉर्निंग 12वें ओवर में दी थी। यह लाइव मैच के दौरान दिखाया भी गया था। यदि पाटीदार तीसरी बार भी यही गलती करते तो पेनल्टी के तौर पर विपक्षी टीम को 5 रन दिए जाते।

क्या है यह स्टॉप क्लॉक रूल
ICC के स्टॉप क्लॉक रूल्स के मुताबिक, बॉलिंग करने वाली टीम को ओवर खत्म होने के बाद दूसरा ओवर 60 सेकंड यानी एक मिनट के अंदर शुरू करना होता है। फील्ड अंपायर के पास स्टॉप क्लॉक रहती है और वे पूरा ध्यान रखते हैं।
नियम के उल्लंघन पर फील्डिंग टीम के कप्तान को अंपायर दो बार वॉर्निंग देता है। तीसरी बार में 5 रन की पेनल्टी लगती है। यानी बैटिंग टीम के खाते में 5 रन जोड़े जाते हैं।
दिल्ली ने 6 विकेट से मैच जीता
अब बात मैच की करते हैं। इस मुकाबले में दिल्ली टीम के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया था। इसके बाद बेंगलुरु टीम ने 176 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में दिल्ली टीम ने 4 विकेट गंवाकर 179 रन बनाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

