12 साल बाद CSK छोड़ना आसान नहीं था: जडेजा ने मजाक में कहा- येलो कलर पुराना लगने लगा था
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. स्टार स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने 12 साल खेलने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को छोड़ दिया है। उन्हें ट्रेड के जरिए राजस्थान रॉयल्स (RR) फ्रेंचाइजी ने अपनी टीम में शामिल किया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में दोनों टीमों ने अपना पहला मैच एकदूसरे के खिलाफ खेला, जिसमें राजस्थान को 8 विकेट से जीत मिली।
इस मैच में जडेजा ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। जीत के बाद जडेजा ने कहा कि 12-13 साल चेन्नई टीम के लिए खेला हूं। ऐसे में यह टीम छोड़ना आसान नहीं था। मेरे लिए बेहद भावुक पल था।
चेन्नई टीम के लिए 3 खिताब जीते
इसी दौरान जड्डू ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें येलो कलर पुराना लगने लगा था। जबकि पिंक उन्हें काफी पसंद है। जडेजा 2012 से 2025 सीजन तक चेन्नई टीम के लिए खेले हैं। बीच में दो साल के लिए इस टीम पर बैन भी लगा था। इस दौरान चेन्नई टीम ने 2018, 2021 और 2023 में तीन बार खिताब भी जीता।
जडेजा ने मैच के बाद जियो हॉटस्टार से कहा- येलो कलर थोड़ा पुराना लगने लगा था और पिंक कलर काफी पसंद आ रहा है। यह सिर्फ मजाक है। चेन्नई जैसी फ्रेंचाइजी छोड़ना आसान नहीं था। मैं इस टीम के लिए 12-13 साल खेला हूं। ये काफी इमोशनल पल था, लेकिन मैंने खुद से कहा कि परिवर्तन ही जीवन का नियम भी है।
जड्डू पुरानी टीम में आकर खुश हैं
हालांकि अच्छी बात यह रही कि मैं अब उसी अपनी पुरानी टीम में वापस आया हूं, जिसके साथ मैंने लीग का पहला खिताब (2008) जीता था। अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के तुरंत बाद IPL 2008 का पहला सीजन (राजस्थान रॉयल्स) खेलना और उसमें भी ट्रॉफी जीतना मेरे लिए काफी स्पेशल था।
चेन्नई टीम में जडेजा की फीस 18 करोड़ रुपए थी, लेकिन राजस्थान में आते ही उनकी यह फीस 14 करोड़ रुपए हो गई है। हालांकि जड्डू 4 करोड़ रुपए कम पाने के बावजूद खुश हैं। उन्होंने IPL में अब तक 4 टीमों के लिए कुल 255 मैच खेले, जिसमें 172 विकेट लिए। साथ ही 5 फिफ्टी के साथ 3260 रन बनाए।

