युवराज से बेहतर अभिषेक: अश्विन बोले-आमिर सुन लो, हमारा अभि स्लॉगर नहीं; बस, थोड़ा पेशेन्स जरूरी
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के पेसर मोहम्मद आमिर ने हमारे ओपनर अभिषेक शर्मा को एक शो में स्लॉगर (तेज बल्ला घुमाने वाला) बताया था। अब रविचंद्रन अश्विन ने आमिर को जवाब दिया है। अश्विन ने कहा- अभिषेक को सिर्फ फियरलेस बैटर कहना उसकी बेइज्जती होगी। उसका बैट स्विंग इस वक्त दुनिया में सबसे शानदार है।
बैट स्विंग युवराज से बेहतर
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- लोग अक्सर अभिषेक के एग्रेसिव अंदाज को देखकर उन्हें स्लॉगर समझ लेते हैं, लेकिन असल में उनकी तकनीक काफी मजबूत है। कई बार तो अभिषेक का बैट स्विंग उनके गुरु युवराज सिंह से भी बेहतर होता है। जब अभिषेक अटैक करते हैं तो गेंद बहुत दूर जाती है। इससे लोगों को लगता है कि वे केवल ताकत के भरोसे खेलते हैं, जबकि ऐसा नहीं है।
और एक सलाह भी
अश्विन ने आगे कहा- अभिषेक की एकमात्र गलती यह है कि वे हर गेंद पर रन बनाने की कोशिश करते हैं। अगर वे थोड़ा रुककर सही गेंद का इंतजार करें, तो और भी ज्यादा खतरनाक साबित हो सकते हैं। अभिषेक को हर शॉट में ज्यादा ताकत लगाने की जरूरत नहीं है, बल्कि टाइमिंग पर ध्यान देना चाहिए। अच्छी टाइमिंग के साथ खेला गया शॉट बिना ज्यादा ताकत लगाए भी बाउंड्री तक पहुंच सकता है।
खास बात यह है कि जिस शो में आमिर ने यह बात कही थी, उसी शो में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद हफीज ने आमिर की राय को गलत बताया था। हफीज ने कहा- मैं नहीं मानता कि अभिषेक सिर्फ स्लॉगर हैं।
और यहां बैट से जवाब : 30 बाॅल में 55 रन
भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ चेन्नई में शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में अभिषेक ने बेहतरीन वापसी की। इससे पहले वे लगातार तीन पारियों में शून्य पर आउट हो गए थे। उन पर सवाल उठने लगे थे। लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 30 गेंद में 55 रन बनाकर आलोचकों को करारा जवाब दिया। अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला 1 मार्च को वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स पर होना है।

