J+K टीम पहले दिन 284/2: शुभम पुंदीर के 117 रन; कर्नाटक पहले दिन पूरी तरह बैकफुट पर
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. रणजी ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर के बीच मंगलवार (24 फरवरी) से खेला जा रहा है। हुबली के KSCA स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में जम्मू-कश्मीर टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया। इसके बाद पहले दिन स्टंप्स तक टीम ने 87 ओवर में 2 विकेट गंवाकर 284 रन बना लिए हैं।
शुभम पुंदीर के 117 रन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला जम्मू-कश्मीर के लिए सही साबित हुआ। टीम के लिए शुभम पुंडिर ने बेहतरीन शतक जड़ा। उन्होंने 221 गेंदों में 117 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। अब्दुल समद भी लय में दिखे। दिन का खेल खत्म होने तक वह 67 गेंदों में 52 रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 105 रन की अहम साझेदारी हुई।
इससे पहले यावर हसन 88 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने राहुल के हाथों कैच कराया। उस समय टीम का स्कोर 157 रन था। कर्नाटक की ओर से शिखर शेट्टी और श्रेयस गोपाल को कोई विकेट नहीं मिला। पहले दिन आखिरी 10 ओवर में भी जम्मू कश्मीर ने 44 रन जोड़ लिए और कोई विकेट नहीं गंवाया।
कर्नाटक की नजरें नौवें टाइटल पर हैं। जबकि जम्मू-कश्मीर की टीम पहली बार रणजी फाइनल खेल रही है।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
कर्नाटक: केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, देवदत्त पडिक्कल (कप्तान), करुण नायर, स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, कृतिक कृष्णा (विकेटकीपर), विद्याधर पाटिल, विजयकुमार व्यशाक, शिखर शेट्टी और प्रसिद्ध कृष्णा।
जम्मू और कश्मीर: कमरान इकबाल, यावर हसन, शुभम पुंडीर, पारस डोगरा (कप्तान),अब्दुल समद, कन्हैया वधावन (विकेटकीपर), आबिद मुश्ताक, औकिब नबी डार, युद्धवीर सिंह चरक, साहिल लोत्रा और सुनील कुमार।

