रणजी ट्रॉफी में अजीब रन आउट: ईश्वरन अभिमन्यु ड्रिंक्स ब्रेक समझकर क्रीज से बाहर निकले, 81 रन पर आउट हुए
Published:
2 min read

कप्तान अभिमन्यु 81 रन बनाकर आउट हुए ।
स्पोर्ट्स डेस्क. रणजी ट्रॉफी में गुरुवार को एक हैरान करने वाली घटना देखने मिली। बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन एक ऐसी गलती कर बैठे, जिसकी किसी ने उम्मीद नहीं की थी। ड्रिंक्स ब्रेक समझकर क्रीज से बाहर निकलना उन्हें भारी पड़ गया और वो रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। यह घटना सोशल मीडिया और क्रिकेट सर्कल्स में चर्चा का विषय बन गई।
41वें ओवर की घटना
रणजी ट्रॉफी के एक मैच में बंगाल और सर्विसेज की टीमें आमने-सामने थीं। मुकाबला बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड कल्याणी में खेला जा रहा था। बंगाल की पहली पारी चल रही थी। कप्तान अभिमन्यु 81 रन बनाकर पूरी तरह सेट नजर आ रहे थे। यह घटना 41वें ओवर की आखिरी गेंद पर हुई। सर्विसेज के आदित्य कुमार ने एक फुल लैंथ बॉल की।

इसे स्ट्राइक पर मौजूद सुदीप चटर्जी ने ‘बैक टू द बॉलर’ यानी वापस गेंदबाज की ओर खेल दिया। आमतौर पर ऐसे मौकों पर बल्लेबाज अपनी क्रीज में ही रहते हैं। लेकिन नॉन स्ट्राइकर एंड पर खड़े अभिमन्यु को लगा कि ओवर खत्म हो गया है और यह वक्त ड्रिंक्स ब्रेक का है। इसी गलतफहमी में वह क्रीज छोड़कर निकले। उनका इरादा रन लेने का नहीं था। इसी बीच बॉलर आदित्य कुमार ने फॉलो-थ्रू में गेंद को पकड़ने की कोशिश की। गेंद उनके हाथ को छूकर नॉन स्ट्राइकर एंड के स्टंप्स से टकरा गई। उस वक्त ईश्वरन क्रीज से बाहर थे।
सर्विसेज की टीम ने तुरंत अपील की। ऑन-फील्ड अंपायरों ने मामला थर्ड अंपायर के पास भेजा। वीडियो देखने के बाद थर्ड अंपायर ने साफ किया कि जब स्टंप्स गिरे, तब ईश्वरन क्रीज के अंदर नहीं थे। इसके बाद उन्हें रन आउट करार दिया गया।
अभिमन्यु ने गलती मानी
मैच के बाद ईश्वरन ने अपनी गलती स्वीकार की और कहा- इसमें “स्पिरिट ऑफ क्रिकेट” मुद्दा नहीं है। सर्विसेज की अपील सही थी। मुझे लगा कि बॉल डेड हो गई है। इसलिए आगे निकल गया। बंगाल के कोच लक्ष्मी रतन शुक्ला ने भी अभिमन्यू की बात से इत्तफाक जताया। कहा- 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ इयान बेल वाले मामले से इसको कम्पेयर करना सही नहीं होगा। उस वक्त हालात अलग थे।


