IPL से पहले कानूनी विवाद में CSK: बिना मंजूरी रजनीकांत की फिल्म कुली का गाना यूज करने का आरोप; मद्रास HC पहुंचे मेकर्स
Published:
2 min read

एंटरटेनमेंट डेस्क. फिल्म जेलर, जेलर 2 और कुली के मेकर्स ने IPL टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ कॉपीराइट वॉयलेशन का केस दर्ज किया है। यह मामला मद्रास हाईकोर्ट में दायर किया गया है। मेकर्स ( सन TV नेटवर्क लिमिटेड) का आरोप है कि टीम ने बिना परमिशन के ही नई जर्सी के प्रमोशनल वीडियो में इन फिल्मों के गाने, बैकग्राउंड म्यूजिक और डायलॉग का इस्तेमाल किया है।
दरअसल, CSK ने अपनी नई जर्सी के प्रमोशन के लिए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। आरोप है कि इस वीडियो में जेलर, जेलर 2 और कुली का ऑडियो ट्रैक, बैकग्राउंड म्यूजिक और डायलॉग इस्तेमाल किया गया था।
कॉपीराइट नोटिस के बाद वीडियो हटाया
वीडियो देखने के बाद प्रोडक्शन हाउस ने CSK को 1 मार्च 2026 को लीगल नोटिस भेजा था। इसके बाद CSK ने वीडियो को हटा दिया और बाद में उसे दूसरे म्यूजिक के साथ अपलोड किया।
जर्सी बेचने का भी आरोप लगाया
फिल्म मेकर्स ने टीम के खिलाफ यह भी आरोप लगाया कि इस प्रमोशनल वीडियो का इस्तेमाल टीम की जर्सी बेचने के लिए किया गया है। जर्सी की कीमत करीब 2,399 रखी गई है। इसका मतलब इसे पर्सनल प्रॉफिट के लिए इस्तेमाल किया गया।
कोर्ट में क्या हुआ
13 मार्च को इस मामले की सुनवाई हुई। मेकर्स की और से वकील जे. रविंद्रन ने अपनी दलील में कहा- नोटिस मिलने के बाद CSK ने कॉपीराइट कंटेंट का इस्तेमाल बंद कर दिया। मैं कोर्ट में म्यूजिशियन अनिरुद्ध रविचंदर और मेकर्स के एग्रीमेंट को भी पेश करना चाहता हूं। एग्रीमेंट में हैं कि फिल्म के गाने के इस्तेमाल का अधिकार सिर्फ अनिरुद्ध के पास हैं।
सुनवाई के दौरान प्रोडक्शन हाउस ने HC से एक अपील की। कहा- भविष्य में CSK ऐसी किसी भी कॉपीराइट कंटेंट का इस्तेमाल बिना परमिशन न करे।
फिलहाल, मद्रास हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलों को रिकॉर्ड में लिया है। मामले की सुनवाई जारी रहेगी। अभी तक किसी कार्रवाई या समझौते को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

