राजस्थान रॉयल्स के लिए 15,660 करोड़ की डील: मित्तल फैमिली और अदार पूनावाला नए मालिक बनेंगे; BCCI की मंजूरी बाकी
Published: Updated:
2 min read

IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम ने 10 मैच में 6 जीत हासिल की हैं। - फोटो सोर्स- IPL
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग ( IPL) में राजस्थान रॉयल्स (RR) फ्रेंचाइजी को मित्तल फैमिली और अदार पूनावाला ने मिलकर करीब 15,660 करोड़ रुपए में खरीद लिया है। यह डील IPL हिस्ट्री की सबसे बड़ी डील्स में से एक मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह डील पूरी हो चुकी है, लेकिन अभी BCCI की मंजूरी का इंतजार है। इसके बाद ही डील फाइनल मानी जाएगी।
इससे पहले राजस्थान फ्रेंचाइजी को काल सोमानी के कंसोर्टियम को बेचा गया था, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह डील हो नहीं पाई।

75% हिस्सेदारी मित्तल फैमिली के पास
इस डील के तहत लक्ष्मी मित्तल और उनका परिवार 75% हिस्सेदारी अपने पास रखेगा। अदार पूनावाला के पास करीब 18% हिस्सा होगा। बाकी 7% हिस्सेदारी पुराने इन्वेस्टर्स के पास ही रहेगी। यह टीम पहले मनोज बडाले और उनके ग्रुप के पास थी। वे 2008 से राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथ जुड़े हुए थे। हालांकि अब नई डील के बाद भी बडाले बोर्ड का हिस्सा बने रहेंगे।
इस डील में राजस्थान रॉयल्स का पूरा ग्लोबल नेटवर्क शामिल है, जिसमें साउथ अफ्रीका की पर्ल रॉयल्स और कैरेबियन प्रीमियर लीग की बारबाडोस रॉयल्स भी शामिल हैं।

पिछली डील क्यों टूट गई?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, काल सोमानी की अगुवाई वाले कंसोर्टियम ने पहले राजस्थान रॉयल्स (RR) को खरीदने के लिए बोली लगाई थी। हालांकि, आखिरी समय पर उन्हें फंड जुटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसकी वजह से यह डील पूरी नहीं हो पाई। इसके बाद मित्तल परिवार और पूनावाला परिवार ने इस सौदे को पूरा किया।
RR ने पहला टाइटल 2008 में जीता
IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स (RR) शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम ने 10 मैच में 6 जीत हासिल की हैं। पॉइंट्स टेबल पर चौथे पोजीशन पर है। उन्होंने अपना पहला टाइटल 2008 में जीता था।

