रहमान IPL से बाहर, क्या अब भी 9 करोड़ मिलेंगे: PAK के बाद बांग्लादेश भी साइड लाइन; कन्ट्रोवर्सी डीटेल्स यहां आपके लिए
Published: Updated:
7 min read

IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडडर्स ने खरीदा था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान के साथ अब बांग्लादेश भी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से साइड लाइन होता दिख रहा है। इसकी बड़ी वजह बांग्लादेश में तख्तापलट के बाद अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार हैं और इसको लेकर भारत में जबरदस्त गुस्सा है। IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में बांग्लादेश के 12 खिलाड़ी शामिल हुए थे, लेकिन एक भी नहीं बिका था। इस बार यानी 2026 सीजन के ऑक्शन में बांग्लादेश के 7 खिलाड़ी शामिल हुए थे, लेकिन बिका सिर्फ एक और वो थे लेफ्ट आर्म पेसर मुस्तफिजुर रहमान।
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने रहमान को 9.20 करोड़ रुपए में खरीदा था। इसके फौरन बाद बवाल और सवाल शुरू हो गए। धर्मगुरू, नेता और आम लोग भी रहमान को IPL से बाहर करने की मांग करने लगे। उत्तर प्रदेश के एक मौलाना ने तो शाहरुख खान के खिलाफ फतवा भी जारी कर दिया, क्योंकि वे KKR टीम के को-ऑनर हैं।
बांग्लादेश के मुस्तफिजुर रहमान IPL से बाहर: BCCI का KKR को आदेश; शाहरुख खान के खिलाफ फतवा जारी
इसी बीच शनिवार (3 जनवरी) को BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया का बयान आया। उन्होंने कहा- भारतीय बोर्ड ने KKR से रहमान को रिलीज करने के लिए कहा है। मायने ये कि अब रहमान अगले IPL सीजन में नहीं खेल सकेंगे।
ऐसे में कई तरह के सवाल उठते हैं कि यदि कोलकाता टीम रहमान को बाहर कर देगी तो क्या इस प्लेयर को पूरे सीजन की फीस मिलेगी या नहीं? क्या IPL इतिहास में ऐसे मामले पहले भी आए हैं? आइए जानते हैं ऐसे ही तमाम सवालों के जवाब…
रिटेन-रिलीज के नियम
हर IPL ऑक्शन से पहले नियमानुसार हर फ्रेंचाइजी कुछ प्लेयर्स को रिलीज करती है तो कुछ को रिटेन। उस वक्त प्लेयर की कीमत का कोई मसला नहीं होता। हालांकि जब कोई टीम ऑक्शन में किसी प्लेयर को खरीदने के बाद लीग शुरू होने से पहले या बीच में रिलीज करती है, तो उसके कई नियम होते हैं।
रिलीज के दौरान प्लेयर्स को फीस देना या नहीं देने का फैसला कुछ कंडीशन्स पर लागू होता है। कुछ प्लेयर्स को थोड़ी फीस भी दी जाती है। यह सबकुछ फ्रेंचाइजी और खिलाड़ी के बीच क्या मामला (यहां इसे एग्रीमेंट या कॉन्ट्रैक्ट कंडीशन्स समझिए) है, उस पर डिपेंड करता है।
फ्रेंचाइजी किन कंडीशन्स में रिलीज प्लेयर्स को फीस देती है
IPL में दो ही स्थिति अधिकतर सामने आती हैं, जिसके कारण कोई फ्रेंचाइजी अपने रिलीज प्लेयर को फीस पेमेंट करती है। पहला- बिना गलती टीम से निकालना। दूसरा- है रणनीतिक बदलाव यानी स्ट्रैटेजिक चेंजेस। इसकी मिसाल कई बार देखी गई है। हालांकि बगैर गलती किसी प्लेयर को टीम से निकालने का यह पहला ही मामला है।
- ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर शेन वॉटसन को 2013 सीजन में राजस्थान रॉयल्स ने रणनीति के चलते बाहर किया था। तब उन्हें पूरे सीजन की फीस दी गई थी।
फ्रेंचाइजी कब रिलीज प्लेयर को फीस नहीं देती
इसके भी ज्यादातर तीन ही केस सामने आते हैं। अनुशासनहीनता, प्लेयर चोट के कारण पूरा सीजन ना खेले या वो मर्जी से हटे।
फ्रेंचाइजी रिलीज प्लेयर को कब लिमिटेड फीस देती है
यह मामला चोट के मामले में और रणनीतिक बदलाव में ही ज्यादातर सामने आता है। यदि कोई प्लेयर कुछ मैच खेलता है और चोटिल हो जाता है, तो उसे खेले हुए मैच तक की फीस मिलती है। दूसरा रणनीतिक बदलाव के चलते कई बार प्लेयर बेंच पर बैठे होते हैं और पूरी फीस लेते हैं। कई बार फ्रेंचाइजी उन्हें पूरी फीस देकर रिलीज कर देती है।
- इसका उदाहरण ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर हैं, जिन्हें SRH ने 2018 सीजन में बेंच पर बैठाए रखा था। उनसे कप्तानी भी छीन ली थी। तब वॉर्नर को पूरी फीस मिली थी।
- इंग्लैंड के पूर्व बैटर केविन पीटरसन 2014 सीजन में चोट के बाद टीम से बाहर हुए थे। वे कोई मैच नहीं खेले थे। तब दिल्ली डेयरडेविल्स ने कोई फीस नहीं दी थी।
- 2026 सीजन में वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल बीच सीजन में चोटिल होकर बाहर हो गए थे। तब KKR टीम ने उन्हें जितने मैच खेले, उसी का पेमेंट किया। इसे प्रो-राटा नियम भी कहते हैं। इसके तहत बीच सीजन में चोटिल प्लेयर को बाहर कर उसका रिप्लेसमेंट लेना है। दोनों को मैच के हिसाब से पेमेंट किया जाता है।
क्या रहमान को फीस मिलेगी
रहमान के मामले में बिना गलती के टीम से निकालने वाली बात ही दिख रही है। प्लेयर की कोई गलती नहीं है, लेकिन सियासत और पॉपुलर प्रेशर के चलते रहमान को बाहर किया जा रहा है। ऐसे में उन्हें पूरी फीस मिलनी चाहिए। कम से कम इस मामले में तो यही है। बाकी प्लेयर और फ्रेंचाइजी की अंडरस्टैंडिंग और एग्रीमेंट पर डिपेंड करता है।
डिस्प्लिन और डिस्प्यूट का मामला
यदि कोई प्लेयर अनुशासनहीनता करता है या फिर उसके साथ कोई विवाद हो तो फ्रेंचाइजी उसे रिलीज कर देती है। ऐसी स्थिति में प्लेयर को कोई फीस नहीं मिलती। रहमान के मामले में यह कंडीशन लागू नहीं है।
- विवाद की एक मिसाल ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर स्टीव स्मिथ भी हैं। बॉल टेम्परिंग के चलते जब स्मिथ पर बैन लगा तो 2018 सीजन में राजस्थान टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया था। तब स्मिथ को कोई फीस नहीं दी गई थी।
- अनुशासनहीनता के मामले में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर एंड्रयू साइमंड्स को बाहर किया गया था। उन्हें 2009 सीजन में डेक्कन चार्जर्स ने रिलीज किया था। उन पर अनुशासनहीनता और टीम मीटिंग मिस करने का आरोप लगा था। तब फ्रेंचाइजी ने कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया था और फीस भी नहीं दी थी।
IPL इतिहास में ऐसे मामले पहले भी आए
रहमान जैसा मामला पहली बार सामने आया है। मगर अनुशासनहीनता, विवाद और रणनीतिक बदलाव के कई मामले आए हैं। इनकी मिसाल इसी खबर के बीच में दी गई है।
पाकिस्तानी प्लेयर्स के साथ क्या हुआ था
IPL के पहले यानी 2008 सीजन में ही पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिला था। उसके बाद दोनों देशों के बिगड़े संबंध और राजनीतिक तनाव के चलते पाकिस्तानी प्लेयर्स को मौका नहीं दिया गया है। पहले सीजन में 8 टीमें थीं, जिनमें से 5 में ही पाकिस्तानी खिलाड़ी खेले थे।
ये 11 प्लेयर थे- सलमान बट, शोएब अख्तर, मोहम्मद हफीज, उमर गुल, कामरान अकमल, यूनुस खान, सोहेल तनवीर, मोहम्मद आसिफ, शोएब मलिक, शाहिद आफरीदी और मिस्बाह उल हक।
क्या और भी देश हैं, जिनके प्लेयर IPL में बैन हैं
IPL में अब तक सिर्फ एक ही देश है, जिसके खिलाड़ियों को बैन किया गया है। यह पाकिस्तान है। बांग्लादेश को बैन नहीं किया गया। उनके खिलाड़ी ऑक्शन में हिस्सा लेते हैं। पिछले यानी 2025 सीजन के लिए कोई भी बांग्लादेशी प्लेयर नहीं बिका था। इस बार 2026 सीजन के लिए ऑक्शन में सिर्फ रहमान को KKR ने खरीदा था। अब उसे भी बाहर कर दिया गया है।
और ये बात भी जान लीजिए
ऊपर के पैराग्राफ में हमने जो बताया है कि पाकिस्तान के प्लेयर्स को बैन किया गया है, वो टेक्निकल नहीं, बल्कि सेंटिमेंटल या इमोश्नल आस्पेक्ट है। दरअसल- फ्रेंचाइजीस, BCCI, IPL गवर्निंग बॉडी और सरकार ने कभी ये नोटिफाई नहीं किया कि पाकिस्तानी प्लेयर्स को बैन किया गया है। ये सिर्फ अंडरस्टैंडिंग है कि पाकिस्तान भारत में सबसे बड़ा टेरर एक्सपोर्टर है, लिहाजा उसके प्लेयर्स का नाम ऑक्शन लिस्ट में शामिल ही नहीं किया जाए। यानी “न रहेगा बांस और न बजेगी बांसुरी....”

