इंडिया इस मैच के लिए तैयार नहीं थी: अश्विन ने कहा- साउथ अफ्रीका स्लोअर बॉल डालकर ही मैच जीत गई
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को पहली हार झेलनी पड़ी है। रविवार (23 फरवरी) को अहमदाबाद में हुए मैच में साउथ अफ्रीका ने 76 रनों से शिकस्त दी। इस हार के बाद भारतीय टीम की आलोचना हो रही है। इसी बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि भारतीय टीम इस मैच में बगैर तैयारी के उतरी थी।
अश्विन ने इस मैच का एनालिसिस किया और कहा कि अफ्रीकी टीम ने यह मैच सिर्फ स्लोअर बॉल डालकर ही जीत लिया। खासकर सूर्या के खिलाफ अफ्रीकी टीम ने अच्छी तैयारी की थी।
अफ्रीका स्लोअर बॉल और फुल बॉल्स डालकर जीती
पूर्व स्पिनर अश्विन ने कहा- प्लीज बगैर तैयारी के मैच में मत आया करो। हम इस मैच (अफ्रीका के खिलाफ) के लिए तैयार नहीं थे। साउथ अफ्रीका ने मैच में हमारे बैटर्स के खिलाफ सिर्फ स्लोअर बॉल डालीं। सूर्यकुमार यादव 22 बॉल खेला था, जिसमें से 17-18 स्लोअर बॉल थीं।
उन्होंने कहा- स्लोअर बॉल या फुल बॉल्स, स्लोअर बॉल या फुल बॉल्स… एक भी बॉल बैक ऑफ लेंथ नहीं मिला। क्रेडिट देना चाहिए। साउथ अफ्रीका ने बॉलिंग में शानदार परफॉर्म किया। दबाव में बैटिंग भी अफ्रीका टीम ने बेहद शानदार की थी।
भारतीय टीम को 188 रन का टारगेट
मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम ने 7 विकेट पर 187 रन बनाए। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। उसने 20 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद डेवॉल्ड ब्रेविस और डेविड मिलर ने 50 बॉल पर 97 रन की पार्टनरशिप कर टीम को संभाला।
मिलर ने 35 बॉल पर 63 रनों की पारी खेली। ब्रेविस ने 29 बॉल पर 45 रन बनाए। आखिर में ट्रिस्टन स्टब्स ने 24 बॉल पर 44 रन बनाए। भारतीय टीम के लिए जसप्रीत बुमराह ने 3 और अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट लिए। वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को 1-1 सफलता मिली। इस तरह इंडिया को 188 रन का टारगेट मिला।
अफ्रीका ने इंडिया को 76 रन से हराया
जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। उसने 26 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। यहां से टीम जरा भी संभल नहीं सकी और 18.5 ओवर में 111 रन ही बना सकी। इस तरह अफ्रीका ने यह मैच 76 रन से जीत लिया।
टीम इंडिया की ओर से शिवम दुबे ने 37 बॉल पर सबसे ज्यादा 42 रनों की पारी खेली। उनके अलावा हार्दिक पंड्या और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 18-18 रन बनाए। अफ्रीकी टीम के लिए मार्को यानसेन ने 4 और केशव महाराज ने 3 विकेट लिए। कॉर्बिन बॉश को 2 विकेट मिले।

