PSL में हाई वोल्टेज ड्रामा: पॉज लेकर बॉलिंग करने वाले उस्मान तारिक की गेंद पर डेरिल मिचेल 2 बार हटे; अश्विन ने यही फॉर्मूला सजेस्ट किया था
Published:
2 min read

यह वीडियो से ली गई तस्वीर है। दोनों फ्रेम में तारिक की बॉल पर मिचेल को हटते देखा जा सकता है।
स्पोर्ट्स डेस्क. PSL 2026 के क्वेटा ग्लैडिएटर्स और रावलपिंडी के मैच में उस समय विवाद हुआ, जब डेरिल मिचेल ने उस्मान तारिक की गेंद खेलने से ही मना कर दिया। वजह थी गेंद डालने से पहले उनका बार-बार रुकना। इस पूरे मामले ने फेयर प्ले को लेकर बहस छेड़ दी।
डेरिल मिशेल कन्फ्यूज हो गए
PSL 2026 में क्वेटा ग्लैडिएटर्स और रावलपिंडी के बीच खेले गए मुकाबले में ड्रामा देखने को मिला। मैच के दौरान जब उस्मान तारिक गेंदबाजी करने आए, तो उन्होंने अपने एक्शन के मुताबिक गेंद डालने से पहले थोड़ा रुककर बाॅल फेंकी। यह देखकर बल्लेबाज डेरिल मिचेल कन्फ्यूज हो गए और उन्होंने गेंद खेलने से इनकार कर दिया। वह क्रीज से हट गए और अंपायर को इशारा किया कि वह इस तरह की गेंद खेलने के लिए तैयार नहीं हैं।
इसके बाद मैदान पर कुछ देर तक बहस भी हुई। हालांकि, अंपायर ने उस्मान तारिक की गेंदबाजी को सही माना और उन्हें जारी रखने की अनुमति दे दी। बताया जा रहा है कि उनका यह एक्शन इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल के नियमों के अनुसार सही है।
अश्विन का पुराना बयान
इस पूरे मामले को रविचंद्रन अश्विन के एक बयान से भी जोड़ा जा रहा है। अश्विन ने पहले कहा था कि अगर गेंदबाज का एक्शन बल्लेबाज को कन्फ्यूज करता है, तो बल्लेबाज के पास गेंद खेलने से हटने का अधिकार होता है। मिचेल ने शायद उसी रणनीति को अपनाया।
मैच का हाल
क्वेटा ग्लैडिएटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 182 रन बनाए। राइली रूसो ने 53 रन बनाए। जवाब में रावलपिंडी की टीम कभी भी मैच में पकड़ नहीं बना पाई। शुरुआत से ही विकेट गिरते रहे और पूरी टीम दबाव में आ गई। साद मसूद ने 31 रन जरूर बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए।
गेंदबाजी में उस्मान तारिक ही सबसे असरदार रहे। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 23 रन देकर 2 विकेट लिए, जिसमें डेरिल मिचेल का विकेट भी शामिल था। आखिर में क्वेटा ने यह मैच 61 रन से जीत लिया।

