पाकिस्तान लीग में भी ऑक्शन: एक टीम का बजट 14.5 करोड़, ये IPL के सबसे महंगे अनकैप्ड के बराबर
Published:
2 min read

बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान को एक PSL सीजन के करीब 1.97 करोड़ भारतीय रुपए मिलते हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) भी अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की राह पर चलने लगा है। उसने ड्रॉफ्ट की बजाय ऑक्शन वाला फॉर्मेट अपनाने का फैसला किया है। PSL में अब तक हर एक फ्रेंचाइजी ड्राफ्ट सिस्टम से ही खिलाड़ियों को खरीदती थीं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। अब PSL के 11वें सीजन से प्लेयर्स को खरीदने के लिए ऑक्शन कराया जाएगा। लीग 26 मार्च से शुरू होगी।
इसके लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने हर एक टीम के पर्स की लिमिट 1.6 मिलियन डॉलर यानी 14.55 करोड़ भारतीय रुपए रखी है। यह IPL में सबसे महंगे अनकैप्ड प्लेयर के लगभग बराबर ही है।
प्रशांत-कार्तिक सबसे महंगे अनकैप्ड प्लेयर
IPL इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड प्लेयर प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा हैं। दोनों को 30 लाख के बेस प्राइस से 14.20 करोड़ रुपए मिले। इन दोनों को ही IPL 2026 के ऑक्शन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने खरीदा है।
अनकैप्ड उन प्लेयर्स को कहा जाता है, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू नहीं किया हो। वे सिर्फ घरेलू क्रिकेट या लीग क्रिकेट ही खेलते हैं। वैसे IPL के सबसे महंगे प्लेयर ऋषभ पंत हैं, जिन्हें IPL 2025 ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपए में खरीदा था।
खिलाड़ियों को कमाई का मौका मिलेगा
PSL ने अपने बयान में कहा है कि यह फैसला कॉम्पिटिटिव बैलेंस और ट्रांसपेरेंसी को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। साथ ही इससे खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा कमाई करने का भी मौका मिलेगा।
हर एक फ्रेंचाइजी 4 प्लेयर रिटेन कर सकेगी
इस नए फॉर्मेट के तहत हर एक फ्रेंचाइजी सिर्फ 4 प्लेयर ही रिटेन कर सकेगी। इससे पहले 8 खिलाड़ियों को रिटेन करने का नियम था। जिसमें एक मेंटर, एक ब्रांड एंबेसडर और प्लेयर ड्राफ्ट में 9वें खिलाड़ी को रिटेन करने के लिए राइट टू मैच (RTM) ऑप्शन शामिल था। अब यह तीनों मेंटर, ब्रांड एंबेसडर और RTM नियम हट गए हैं।
नई टीमों को ऑक्शन से पहले प्लेयर पूल से 4 खिलाड़ियों को चुनने की इजाजत होगी। इसके अलावा एक ऐसे विदेशी प्लेयर को भी टीम में शामिल कर सकती हैं, जिसने पहले कभी PSL नहीं खेला हो।

