उफ्फ…ये पाकिस्तान भी न: PM ने 2009 में T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को 25-25 लाख के चेक दिए, ये बाउंस हो गए
Published:
3 min read

पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर सईद अजमल इंग्लैंड के बैटर केविन पीटरसन को आउट करने के बाद जश्न मनाते हुए।
स्पोर्ट्स डेस्क. लगता है पाकिस्तान में जो हो जाए…वो कम ही है। कम से कम आए दिन होने वाले खुलासे तो इसी तरफ इशारा करते हैं। इसी तरह का एक मजेदार खुलासा पाकिस्तान के पूर्व ऑफ स्पिनर सईद अजमल ने किया है।
अजमल का कहना है कि 2009 में जब मुल्क की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप जीता तो पाकिस्तान में जश्न था। आम अवाम सेलिब्रेट कर रही थी। सरकार भी खुश थी। उनसे प्लेयर्स को अवॉर्ड का ऐलान किया कहा। कहा- हर प्लेयर और सपोर्टिंग स्टाफ को 25-25 लाख रुपए (पाकिस्तानी करंसी) दिए जाएंगे। यहां तक तो सब बल्ले-बल्ले रहा…मगर इसके बाद जो हुआ…उस पर हम हंस सकते हैं और वो बेचारे पाकिस्तानी प्लेयर रो ही सकते हैं। चलिए जानते हैं आखिर हुआ क्या था…
अजमल की जुबानी ही जान लेते हैं माजरा
हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान अजमल से होस्ट ने पूछा- हमारे मुल्क में फिल्म स्टार्स के चेक बाउंस हो जाते हैं, क्या क्रिकेटर्स के साथ भी कभी ऐसा कुछ हुआ है?
सईद ने मुस्कराते हुए कहा- हां जी…बिल्कुल हुआ। हमने 2009 में वर्ल्ड कप जीता। मुल्क लौटे तो वजीर-ए-आजम (प्रधानमंत्री) ने अपने घर बुलाया। टीम के हर प्लेयर को 25-25 लाख रुपए के चेक दिए गए। हमने ये बैंक में लगाए तो ये बाउंस हो गए।
अजमल आगे कहते हैं- हमने सोचा गवर्नमेंट का चेक कैसे बाउंस हो सकता है। फिर हमसे कहा गया कि अब ये चेक आपको PCB (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) चेयरमैन देंगे। हमने उनसे बात की तो PCB चेयरमैन ने कहा- अरे भाई चेक आपको सरकार और वजीर-ए-आजम ने दिया है, मैं अलग से कोई चेक कैसे दे सकता हूं। मैंने सोचा यार...अगर गवर्नमेंट लेवल पर भी आप ये करेंगे तो ये तो ज्यादती है।

2009 में कौन था प्राइम मिनिस्टर
यूसुफ रजा गिलानी 2008 से 2012 तक पाकिस्तान के 16वें वजीर-ए-आजम रहे। वो बेनजीर भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के नेता हैं। इस वक्त अपर हाउस यानी सीनेट के चेयरमैन हैं।
अब सईद अजमल को जानिए
सईद अजमल को क्रिकेट हिस्ट्री के सबसे बेहतरीन ऑफ स्पिनर्स में से एक माना जाता है। उन्होंने 35 टेस्ट, 113 वनडे और 64 टी20 खेले। टेस्ट में 178, वनडे में 184 और टी20 में 85 विकेट लिए। टेस्ट में 10 और वनडे में 2 फाइव विकेट हॉल हैं। हालांकि, बॉलिंग एक्शन संदिग्ध होने के चलते उनका कॅरियर विवादों में भी रहा और वक्त से पहले ही उन्हें रिटायरमेंट लेना पड़ा।
2009 में टी20 वर्ल्ड कप विनर टीम
यूनुस खान (कप्तान), अहमद शहजाद, फवाद आलम, कामरान अकमल (विकेटकीपर), मिस्बाह-उल-हक, सलमान बट, शाहजेब हसन, अब्दुल रज्जाक, शाहिद अफरीदी, शोएब मलिक, यासिर अराफात, इफ्तिखार अंजुम, मोहम्मद आमिर, सईद अजमल, सोहेल तनवीर, उमर गुल और शोएब अख्तर।

