पाकिस्तान में क्रिकेटर्स पर सख्ती: बगैर मंजूरी के सोशल मीडिया पोस्ट नहीं कर सकेंगे; नसीम शाह कंट्रोवर्सी के बाद फैसला
Published:
2 min read

23 साल के पेसर नसीम शाह ने पाकिस्तान टीम के लिए 20 टेस्ट, 34 वनडे और 37 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। (फाइल फोटो)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपने प्लेयर्स के लिए सोशल मीडिया रूल्स सख्त कर दिए हैं। अब सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट में शामिल कोई भी प्लेयर बगैर परमिशन के सोशल मीडिया पोस्ट नहीं कर सकेगा, खासकर पोलिटिकल मामलों को लेकर। पाकिस्तानी जियो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से यह दावा किया है।
इसके मुताबिक, PCB ने एक सख्त एडवाइजरी जारी की है। इसमें साफ कहा गया है कि यदि कोई भी प्लेयर सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट के नियमों को तोड़ता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नसीम की पोस्ट से कंट्रोवर्सी
दरअसल, PSL शुरू होने से पहले PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पहले कहा था कि टूर्नामेंट बिना दर्शकों के होगा। ईंधन बचाना है। मिडिल ईस्ट में हालात ठीक नहीं हैं। इसके बाद भी पहले मैच के दौरान मरियम नवाज स्टेडियम पहुंचीं। प्लेयर्स से मिलीं।
इसके बाद पाकिस्तानी तेज गेंदबाज नसीम शाह के सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट शेयर की गई। इसमें लिखा था कि उन्हें लॉर्ड्स की रानी की तरह ट्रीट क्यों किया जा रहा है।

नसीम पर जुर्माना भी लगा
इसके कुछ ही समय बाद इस पोस्ट को हटा दिया गया। शुरू में नसीम ने कहा कि उनका अकाउंट हैक हो गया था। बाद में उन्होंने साफ किया कि यह पोस्ट उनकी सोशल मीडिया टीम ने की थी। यह मैंने नहीं लिखा।
उन्होंने माफी मांगी और अपने सोशल मीडिया मैनेजर को हटा दिया। PCB ने इस मामले में नसीम पर जुर्माना लगाया। उनके मैनेजर को भी ब्लैकलिस्ट कर दिया। अब वह मैनेजर PCB से जुड़े किसी भी प्लेयर के साथ काम नहीं कर सकेगा।
मैनेजर्स को भी सख्त हिदायत दी
PCB ने खिलाड़ियों के मैनेजर्स को भी सख्त हिदायत दी। सूत्रों ने कहा- किसी भी हाल में राजनीतिक पोस्ट बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अगर कोई खिलाड़ी विवादित कंटेंट पोस्ट करता हुआ पाया गया, तो उस पर कम से कम 10 मिलियन पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है।

