पंजाब तीसरा मैच जीती: हैदराबाद को 6 विकेट से हराया; कप्तान श्रेयस के साथ प्रियांश और प्रभसिमरन की फिफ्टी
Published: Updated:
3 min read

पंजाब टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने 33 बॉल पर 69 रन की नाबाद पारी खेली। इसमें 5 छक्के और 5 ही चौके लगाए।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 17वां मैच पंजाब किंग्स (PBKS) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला गया। यह मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुआ। इस मैच को पंजाब टीम ने 6 विकेट से जीत लिया। पंजाब के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर, प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य ने फिफ्टी लगाई। श्रेयस को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पंजाब टीम 223/4 (18.5)
मैच में पंजाब टीम के कप्तान श्रेयस ने टॉस जीतकर फील्डिंग का फैसला किया था। इसके बाद हैदराबाद टीम ने 220 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में पंजाब टीम ने 4 विकेट गंवाकर 18.5 ओवर में ही टारगेट चेज कर लिया। श्रेयस ने 24, प्रियांश ने 16 और प्रभसिमरन ने 24 बॉल पर फिफ्टी लगाई।
पंजाब टीम के लिए श्रेयस ने 33 बॉल पर 69 रन की नाबाद पारी खेली। इसमें 5 छक्के और 5 ही चौके लगाए। प्रियांश ने 20 बॉल पर 57 रन बनाए। उन्होंने भी 5 छक्के और 5 ही चौके लगाए। प्रभसिमरन ने 25 बॉल पर 51 रन बनाए। हैदराबाद टीम के लिए शिवांग कुमार ने 3 विकेट लिए।
हैदराबाद 219/6, अभिषेक की फिफ्टी
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए हैदराबाद टीम ने 6 विकेट पर 219 रन बनाए। ओपनर अभिषेक शर्मा ने 28 बॉल पर 74 रनों की पारी खेली। इस दौरान 8 छक्के और 5 चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 264.28 का रहा।
जबकि हेनरिक क्लासेन ने 33 बॉल पर 39 और ट्रेविस हेड ने 23 बॉल पर 38 रन बनाए। कप्तान ईशान किशन ने 17 बॉल पर 27 रन बनाए। पंजाब टीम के लिए अर्शदीप सिंह और शशांक सिंह ने 2-2 विकेट लिए। एक विकेट जेवियर बार्टलेट ने लिया।
पंजाब टीम दूसरे नंबर पर
इस IPL में पंजाब टीम अब तक कोई मैच हारी नहीं है। उसने 4 मैच खेले, जिसमें से 3 में जीत दर्ज की। जबकि एक मैच बेनतीजा रहा। इस तरह 7 पॉइंट्स के साथ यह टीम दूसरे नंबर पर है।
दूसरी ओर सनराइजर्स टीम ने 4 मैच खेले, जिसमें से एक ही जीता है। 3 मैच में हैदराबाद टीम को हार मिली। इस तरह ईशान किशन की कप्तानी वाली यह टीम 2 पॉइंट्स के साथ छठे नंबर पर है।
PBKS vs SRH हेड-टू-हेड
पंजाब के खिलाफ अब तक हैदराबाद टीम का पलड़ा भारी दिखा है। दोनों टीम के बीच अब तक 25 मुकाबले हुए हैं, जिसमें से 17 मैच हैदराबाद टीम ने जीते हैं। पंजाब को सिर्फ 8 मैच में जीत मिली।
दोनों प्लेइंग-11
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
सनराइजर्स हैदराबाद: ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा।

