पैट कमिंस टी20 वर्ल्ड कप नहीं खेलेंगे: ऑस्ट्रेलिया टीम में बदलाव, स्मिथ भी बाहर; देखें स्क्वॉड
Published:
2 min read

पैट कमिंस को एशेज सीरीज के दौरान पीठ के निचले हिस्से में लम्बर स्ट्रेस इंजरी हुई थी। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 अगले महीने से खेला जाएगा। टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होगा। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की वर्ल्ड कप टीम में कुछ बड़े बदलाव हुए हैं। तेज गेंदबाज पैट कमिंस चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हुए हैं। जबकि स्टीव स्मिथ को स्क्वॉड में जगह नहीं मिली।
कमिंस की जगह ड्वारशुइस टीम में शामिल
पहले कमिंस को टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वे पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं। कमिंस को एशेज सीरीज के दौरान पीठ के निचले हिस्से में लम्बर स्ट्रेस इंजरी हुई थी। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एडिलेड टेस्ट के बाद से कोई मैच नहीं खेला है।
कमिंस की जगह बेन ड्वारशुइस को वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने मैथ्यू शॉर्ट को टीम से बाहर किया है। उनकी जगह मैट रेनशॉ को टीम में जगह दी है।
ऑस्ट्रेलियाई सिलेक्टर टोनी डोडमेडे कमिंस की जगह बेन एकदम तैयार रिप्लेसमेंट थे। वे लेफ्ट आर्म पेस ऑप्शन के साथ-साथ शानदार फील्डिंग और लेट ऑर्डर में हिटिंग की ताकत देते हैं।
ऑस्ट्रेलिया का टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड:
मिचेल मार्श (कप्तान), जेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, टिम डेविड, बेन ड्वारशुइस, कैमरन ग्रीन, नाथन एलिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, मैट कुह्नमैन, ग्लेन मैक्सवेल, मैट रेनशॉ, मार्कस स्टोइनिस और एडम जैम्पा।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।
ऐसा रहेगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।

