पलाश ने विद्यान माने पर 10 करोड़ का मानहानि केस किया: बोले- वह मेरी इमेज खराब कर रहे, मैंने नोटिस भेज दिया है
Published:
3 min read

पलाश ने कहा विद्यान माने के आरोप मेरी इमेज को नुकसान पहुंचा रहे हैं। (सोशल मीडिया- @palash_muchhal)
स्पोर्ट्स डेस्क. म्यूजिक कंपोजर और सिंगर पलाश मुच्छल ने विद्यान माने के खिलाफ 10 करोड़ का मानहानि का केस किया है। पलाश ने कहा कि इस आरोप से मेरी इमेज को नुकसान पहुंच रहा है। दरअसल, मराठी अभिनेता और निर्माता विद्यान माने ने पलाश पर 40 लाख की धोखाधड़ी और स्मृति मंधाना को चीट करने का आरोप लगाया था।
इंस्टाग्राम स्टोरी पर दी जानकारी
पलाश ने शनिवार शाम को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए यह जानकारी शेयर की। उन्होंने लिखा - मेरे वकील श्रेयांश मितारे ने सांगली के रहने वाले विद्यान माने को 10 करोड़ का मानहानि का नोटिस भेजा है। इन आरोपों के पीछे मेरा नाम खराब करने की साजिश है।

क्या हैं आरोप
माने ने कहा था कि- मैं शादी फंक्शन (23 नवंबर, 2025) में मौजूद था। इसी दौरान वह (पलाश) दूसरी महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया। बहुत ही भयावह सीन था। भारतीय महिला क्रिकेटर्स ने उसकी जमकर पिटाई की। पूरा परिवार ही चिंदी चोर है।
40 लाख रुपए की धोखाधड़ी
माने की पलाश से मुलाकात मंधाना के जरिए ही हुई थी। प्रोड्यूसर ने पलाश पर फिल्म बनाने के नाम पर 40 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप भी लगाया। माने ने FIR भी दर्ज करवाई है।
माने ने कहा- मैं पिछले महीने उनकी मां (अमिता मुच्छल) से मिला तो उन्होंने बताया कि फिल्म रिलीज का बजट बढ़कर 1.5 करोड़ रुपए हो गया है। मुझसे 10 लाख रुपए और इन्वेस्ट करना होगा। यदि मैं ऐसा नहीं करूंगा तो मुझे कोई पैसा वापस नहीं मिलेगा। उन्होंने मुझे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और फिल्म से निकालने की धमकी दी, इसलिए मुझे शिकायत दर्ज कराने के लिए मजबूर होना पड़ा।
23 नवंबर को होनी थी, जो नहीं हो सकी
मंधाना-पलाश की शादी 23 नवंबर 2025 को होनी थी, जो नहीं हो सकी। तब कहा गया था कि मंधाना के पिता की तबीयत खराब होने के कारण शादी टाली गई है। इसी दिन पलाश की भी तबीयत बिगड़ गई थी। 23 नवंबर से ठीक पहले सबकुछ ठीक था। पलाश ने मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में स्मृति को प्रपोज भी किया था। ऐसे में अचानक शादी टलने को लेकर कई अटकलें लगाई गई थीं।

7 दिसंबर को पूरा मामला साफ हो गया, जब दोनों ने अलग-अलग बयान जारी कर शादी टूटने की पुष्टि कर दी। इसके बाद पलाश ने सोशल मीडिया से अपना प्रपोजल वीडियो और वर्ल्ड कप सेलिब्रेशन की पोस्ट हटा दीं। मंधाना ने रीकैप वीडियो में सगाई के सिलेक्टेड फोटोज ही शेयर किए।

