T20 WC- पाकिस्तान में जर्सी लॉन्च इवेंट कैंसिल: वर्ल्ड कप खेलने पर सस्पेंस बढ़ा, शिरकत पर 2 फरवरी को फैसला मुमकिन
Published:
3 min read

29 जनवरी को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले T20I मैच के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ी विकेट का जश्न मनाते हुए।(फोटो क्रेडिट -@icc)
स्पोर्ट्स डेस्क. ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की भागीदारी को लेकर स्थिति अब भी साफ नहीं है। इसी वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम की जर्सी का ऑफिशियल लॉन्च टाल दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इवेंट गद्दाफी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे T20 मैच के टॉस के बाद होने वाला था।
फैसले की डेडलाइन 2 फरवरी
दरअसल, पाकिस्तान 2 फरवरी सोमवार को T20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी भागीदारी के बारे में आखिरी फैसला करेगा। इस मामले पर हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच एक मीटिंग हुई थी।
बता दें पाकिस्तान वर्ल्ड कप के मामले में बांग्लादेश का साथ दे रहा है। बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के बाद BCCI ने देश में गुस्से के मद्देनजर बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान को IPL से रिलीज कर किया था। इसके बाद बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में वर्ल्ड कप खेलने से मना कर दिया। इसके बाद मांग उठी कि बांग्लादेश के मैच श्रीलंका में करवाए जाएं।
ICC ने बांग्लादेश की मांग को खारिज कर दिया। इसके बाद ICC ने बांग्लादेश को T20 वर्ल्ड कप से डिसक्वाॅलिफाई कर दिया। उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया। इसके बाद पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सपोर्ट करने का फैसला किया। इसी वजह से पाकिस्तान वर्ल्ड कप का बॉयकॉट करने पर भी विचार कर रहा है।
स्क्वॉड का ऐलान
25 जनवरी को PCB ने स्क्वॉड का ऐलान किया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेड कोच माइक हेसन, कप्तान सलमान अली आगा और चीफ सिलेक्टर आकिब जावेद मौजूद थे। सलमान अली आगा के साथ फहीम अशरफ, ख्वाजा मोहम्मद नफे, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साहिबजादा फरहान और उस्मान तारीक को पहली बार किसी बड़े ICC टूर्नामेंट के लिए चुना गया है। वहीं बाबर आजम, फखर जमान, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, नसीम शाह और साइम अयूब जैसे खिलाड़ी T20 वर्ल्ड कप खेल चुके हैं।
पाकिस्तान T20 वर्ल्ड कप 2026 टीम
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान और उस्मान तारिक।
7 फरवरी से वर्ल्ड कप शुरु
T20 वर्ल्ड कप 2026, 7 फरवरी को भारत और श्रीलंका में शुरू होने वाला है। पाकिस्तान अपना पहला मैच 7 फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा। टीम ग्रुप A में है। इसमें भारत, USA और नामीबिया भी शामिल हैं।
पाकिस्तान का वर्ल्ड कप शेड्यूल
7 फरवरी: पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स, कोलंबो
10 फरवरी: पाकिस्तान बनाम अमेरिका, कोलंबो
15 फरवरी: भारत बनाम पाकिस्तान, कोलंबो
18 फरवरी: पाकिस्तान बनाम नामीबिया, कोलंबो

