पाकिस्तानी अंपायर्स की जगहंसाई: DRS का फैसला देने में कन्फ्यूज, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हंसते रहे, VIDEO वायरल
Published:
3 min read

यह वाकया पाकिस्तान की पारी के दौरान 14वें ओवर की 5वीं बॉल पर हुआ। स्पिनर एडम जैम्पा की बॉल बाबर आजम के पैड पर लगी थी। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और उसके खिलाड़ी किसी ना किसी बात को लेकर लगातार ट्रोल होते रहते हैं। इस बार अंपायर्स की बारी आई है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तानी अंपायर्स की जगहंसाई होती दिख रही है। यह वीडियो पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 3 टी20 की सीरीज का है।
पहला मैच लाहौर में हुआ, जिसे पाकिस्तान ने 22 रन से जीत लिया। इसी दौरान एक DRS (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) पर फैसला देने में पाकिस्तानी अंपायर्स कन्फ्यूज नजर आए। यह देख मैदान पर मौजूद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की भी हंसी छूट गई।
अंपायर कन्फ्यूज नजर आए
दरअसल, यह वाकया पाकिस्तान की पारी के दौरान 14वें ओवर की 5वीं बॉल पर हुआ। स्पिनर एडम जैम्पा की बॉल बाबर आजम के पैड पर लगी थी। जैम्पा ने आउट की अपील की तो मैदानी अंपायर ने नॉट आउट करार दिया। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ट्रेविस हेड ने DRS लिया।
थर्ड अंपायर ने रिव्यू में देखा कि बॉल पिचिंग लाइन पर थी और मिडिल स्टम्प पर भी लग रही थी। इम्पैक्ट भी लाइन पर ही था। यानी बाबर को आउट दिया जाना था। हालांकि बॉल ट्रैकिंग देखने पर थर्ड अंपायर को लगा कि बॉल लेग स्टंप के बाहर गिरी है। सभी कन्फ्यूज नजर आए। थर्ड अंपायर ने एक बार फिर डायरेक्टर को बॉल ट्रैकिंग देखने को कहा। यहां साफ हो गया कि बाबर आउट हैं।
आखिर में बाबर को आउट दिया
मगर थर्ड अंपायर ने फील्ड अंपायर को कहा अपने ओरिजिनल डिसीजन (नॉट आउट) पर बने रहें। यह बात मानते हुए फील्ड अंपायर एहसान रजा ने बाबर को नॉट आउट दिया। फिर थर्ड अंपायर को याद आया कि उन्होंने गलत डिसीजन दिया है। आउट देना चाहिए था।
इसके बाद उन्होंने आउट के लिए कहा, तो फील्ड अंपायर ने माफी मांगते हुए आउट का इशारा किया। इस दौरान मैदानी अंपायर से लेकर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और कमेंटेटर भी हंस पड़े।
मैच में सभी अंपायर पाकिस्तान के थे
इस मैच में सभी अंपायर पाकिस्तान के ही थे। फील्ड अंपायर अहसान रजा और आसिफ याकूब थे। टीवी अंपायर नासिर हुसैन थे। रिजर्व अंपायर राशिद रियाज और मैच रेफरी अली नकवी रहे थे।
मैच का हाल
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान ने 8 विकेट पर 168 रन बनाए थे। साईम अयूब ने 40 और कप्तान सलमान अली आगा ने 39 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से लेग स्पिनर एडम जैम्पा ने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए। 169 रन का टारगेट चेज करते हुए मेहमान टीम 8 विकेट पर 146 रन बना सकी और मैच 22 रन से हार गई।

