न फील्ड अंपायर्स को दिखा, न TV अंपायर देख सके: पाकिस्तानी विकेटकीपर की गलती; इस घटना से स्टंपिंग का रूल समझिए
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान टीम ने तीन टी20 की घरेलू सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को 3-0 से क्लीन स्वीप किया है। तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया को 111 रन से हराया। इसी मुकाबले के दौरान पाकिस्तानी अंपायर्स की गलती साफ देखी गई। पहले पाकिस्तानी विकेटकीपर ख्वाजा नफे ने गलती की। इसके बाद पाकिस्तानी अंपायर्स ने ऑस्ट्रेलिया बैटर को गलत आउट दिया।
इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम से बेईमानी हुई है।
बॉल राइट हैंड में, स्टम्प लेफ्ट हैंड से गिराए
दरअसल, यह सारा विवाद ऑस्ट्रेलियाई पारी के दौरान 14वें ओवर की 5वीं बॉल पर हुआ। यह ओवर स्पिनर मोहम्मद नवाज करा रहे थे। 5वीं बॉल कूपर कोनोली ने आगे बढ़कर खेली, लेकिन वे चूक गए। बॉल सीधे विकेटकीपर ख्वाजा नफे के हाथों में गई।
बस यहीं जाकर पूरी गड़बड़ हुई। नफे ने इस बॉल को राइट हैंड से पकड़ी, लेकिन लेफ्ट हैंड से स्टम्प उड़ा दिए। खास बात यह है कि इस दौरान बॉल राइट हैंड में ही थी। जबकि बगैर बॉल के लेफ्ट हैंड से स्टम्प उड़ाए। इस दौरान कोनोली क्रीज में नहीं लौट सके थे।
अंपायर ने कोनोली को आउट करार दिया। यह ऑस्ट्रेलियाई बैटर 2 बॉल खेलकर खाता नहीं खोल सका। यहां देखने वाली बात ये है कि नफे की यह गलती फील्ड अंपायर से थर्ड और टीवी अंपायर को तक नहीं दिखी।
इस मामले में ICC के नियम क्या हैं
ICC नियम को देखें को कोनोली आउट नहीं थे। आर्टिकल 29.2.1 के मुताबिक- किसी फील्डर के हाथ या बांह से एक भी बेल अपनी जगह से हट/गिर जाए, या फिर स्टम्प जमीन से उखड़ जाए, तो विकेट माना जाएगा। इस दौरान बॉल उसी हाथ में होनी चाहिए, जिससे या जिसकी बांह से स्टम्प या बेल गिरी हो।
मैच में सभी अंपायर पाकिस्तान के थे
बड़ी बात ये भी है कि तीसरे मैच में सभी अंपायर पाकिस्तान के ही थे। फील्ड अंपायर नासिर हुसैन और राशिद रियाज थे। जबकि टीवी अंपायर तारिक रशीद, रिजर्व अंपायर जुल्फिकार जान और मैच रेफरी अली नकवी थे।
पाकिस्तान ने 111 रन से तीसरा टी20 जीता
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 207 रन बनाए थे। बाबर आजम ने नाबाद 50 रन की पारी खेली। वहीं, सईम अयूब ने 56 रन बनाए। मिडिल ओवर्स में शादाब खान ने सिर्फ 19 गेंदों में 46 रन बनाकर 5 छक्के लगाए। विकेटकीपर ख्वाजा नफे ने 12 गेंदों में 21 रन बनाए।
207 रन के टारगेट का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही। तीसरे ओवर तक टीम का स्कोर 16/3 हो चुका था। स्पिनर मोहम्मद नवाज ने 4 ओवर में 5 विकेट लिए और सिर्फ 18 रन खर्च किए। ऑस्ट्रेलियाई टीम 16.5 ओवर में 96 रन पर ऑल आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मार्कस स्टोयनिस 23 और कैमरन ग्रीन 22 रन बना पाए। इस तरह पाकिस्तान ने 111 रन से तीसरा टी20 जीत लिया।

