हर भारतीय बॉलर से नफरत करता हूं: पाकिस्तानी क्रिकेटर हसन नवाज बोले- मौका मिला तो खूब रन बनाउंगा; VIDEO वायरल
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेटर्स हों, नेता या आम लोग, ज्यादातर पाकिस्तानियों में भारतीयों के लिए नफरत ही देखी गई है। कई मौकों पर सामने भी आई है। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें पाकिस्तानी क्रिकेटर हसन नवाज विवादित बयान देते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे हर एक भारतीय बॉलर से नफरत करते हैं।
दरअसल, इस समय पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) चल रही है। हसन नवाज क्वेटा ग्लैडिएटर्स टीम की ओर से खेले थे। उनकी टीम प्लेऑफ में क्वालिफाई नहीं कर सकी और बाहर हो गई। 8 टीमों में यह क्वेटा पॉइंट्स टेबल में 7वें नंबर पर रहते हुए बाहर हुई।
भारतीय बॉलर्स से नफरत है
ग्रुप स्टेज के मैच खत्म होने के बाद ही नवाज का यह बयान सामने आया। नवाज ने एक लोकल जर्नलिस्ट को इंटरव्यू दिया। इसी दौरान नवाज ने यह नफरती बयान दिया।
पत्रकार ने पूछा कि वर्ल्ड में ऐसा कौन सा फास्ट बॉलर है, जिसके खिलाफ आप ज्यादा से ज्यादा रन बनाना चाहते हैं।
इसके जवाब में हसन नवाज ने कहा- जब भी हम टीम इंडिया के बारे में सोचते हैं तो लगता है कि उनके बॉलर्स के खिलाफ ज्यादा से ज्यादा रन बनाएं। उनके हर बॉलर से नफरत है। सीधी सी बात है। यदि भविष्य में चांस मिला तो कोशिश करेंगे (ज्यादा रन बनाने की)।
इंडिया के खिलाफ एक ही मैच खेला
नवाज ने अब तक पाकिस्तान टीम के लिए 4 वनडे में 113 रन ही बनाए हैं। इसमें एक फिफ्टी भी रही। जबकि 25 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें 457 रन बनाए। इस फॉर्मेट में एक सेंचुरी और 2 फिफ्टी लगाई हैं।
यदि बात करें भारतीय टीम के खिलाफ मैच की तो हसन नवाज को एक ही बार टीम इंडिया के खिलाफ मैच खेलने का मौका मिला है। यह एशिया कप 2025 का टी20 मैच था। इसमें हसन ने 7 बॉल पर 5 रन बनाए थे। स्पिनर कुलदीप यादव की बॉल पर अक्षर पटेल ने कैच लेकर आउट किया था। इस पारी में हसन ने एक भी बाउंड्री नहीं लगाई थी।
खुद पाकिस्तानियों ने हसन को ट्रोल किया
वीडियो वायरल होने के बाद पाकिस्तानी यूजर्स ने भी हसन नवाज को ट्रोल किया। एक यूजर ने लिखा- नफरत है?? क्या मजाक कर रहे हो? यह स्पोर्ट्स है, कोई वॉर जोन नहीं।
दूसरे यूजर ने लिखा- हमारे प्लेयर्स को सच में मीडिया मैनेजमेंट की जरूरत है। वे बच्चों की तरह बर्ताव करते हैं। दयनीय और बेहद निराशाजनक बयान। इसे डिलीट कर दो।

