अमेरिका नहीं कर सकी उलटफेर: पाकिस्तान 32 रन से हराया; 16 ओवर स्पिनर्स ने किए, बाबर फिफ्टी से चूके
Published:
2 min read

अमेरिका के खिलाफ बाबर आजम ने 32 बॉल पर 46 रन बनाए। (सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। उसने मंगलवार (10 फरवरी) को खेले गए मैच में अमेरिका को 32 रन से हराया। फैन्स को USA टीम से उलटफेर की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
जबकि बाबर आजम फिफ्टी नहीं बना सके। वे 4 रन से चूक गए। इस मैच में एक खास बात यह रही कि टी20 इतिहास में दूसरी बार पाकिस्तान टीम की ओर से एक मैच में स्पिनर्स ने 16 ओवर किए। इससे पहले 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कोलंबो मैच में ही 18 ओवर स्पिनर्स ने किए थे।
फरहान के 41 बॉल पर 73 रन
संयोग की बात है कि अमेरिका के खिलाफ यह मैच भी कोलंबो में ही खेला गया था। इस मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान टीम ने 9 विकेट पर 190 रन बनाए थे। फरहान ने 41 बॉल पर 73 रनों की पारी खेली। इस दौरान 5 छक्के और 6 चौके लगाए।
बाबर आजम ने 32 बॉल पर 46 रन बनाए। इस पारी में 1 छक्का और 4 चौके लगाए। जबकि शादाब खान ने 12 बॉल पर 30 रनों की आतिशी पारी खेली। अमेरिका के लिए शैडली वान शल्कविक ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। सौरभ नेत्रवलकर, मोहसिन और हरमीत सिंह को 1-1 विकेट मिला।
अमेरिका 158 रन ही बना सकी
191 रन के टारगेट के जवाब में अमेरिका की टीम 8 विकेट पर 158 रन ही बना सकी और 32 रन से मैच गंवा दिया। शुभम रंजने ने 30 बॉल पर 51 रन बनाए। शयन ने 34 बॉल पर 49 रनों की पारी खेली। मिलिंद ने 29 और एंड्रीज गौस ने 13 रन बनाए।
इनके अलावा कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। पाकिस्तान के लिए उस्मान तारिक ने 3 और शादाब खान ने 2 विकेट लिए। अबरार अहमद, मोहम्मद नवाज और शाहीन अफरीदी को 1-1 सफलता मिली।
पाकिस्तान की प्लेइंग-11
सईम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान अली आगा (कप्तान), बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेटकीपर), शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद।
अमेरिका की प्लेइंग-11
शयन जहांगीर, एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, शुभम रंजने, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रवलकर और एहसान आदिल।

