पाकिस्तान क्रिकेट का 'क्लासिक' एपिसोड: T20 World Cup के पहले मैच में खुली बायकॉट की पोल, 13वें नंबर की नीदरलैंड से हारते-हारते बचे
Published:
3 min read

T-20 वर्ल्ड कप का पहला मैच पाकिस्तान ने 3 विकेट से नीदरलैंड को हरा दिया
स्पोर्ट्स डेस्क. T-20 वर्ल्ड कप का पहला मैच था... पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड। मैच की शुरुआत से ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान आसानी से जीत से आगाज करेगी और 2 अंक उसे मिल जाएंगे। लेकिन पाकिस्तान होना खुद में भी आसान नहीं है। कप्तान सलमान आगा की टीम ने पहले खुद को हराने की पूरी कोशिश की। हालांकि, आखिरी वक्त पर पाक ब्रिगेड को याद आ गया कि सामने इंडिया नहीं, टी-20 में 13वें नंबर की नीदरलैंड है। यहां तो वे जीत ही सकते हैं।
नीदरलैंड 170 रन तक जा सकता था
टी-20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में पाकिस्तान ने नीदरलैंड के खिलाफ वो कर दिखाया, जो सिर्फ पाकिस्तान ही कर सकता है। पूरा मैच हारने की तैयारी थी। पाकिस्तान के प्रीमियम फास्ट बॉलर शाहीन अफरीदी ने टूर्नामेंट का पहला छक्का खाया। एक समय नीदरलैंड ने 12 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 100 रन बना लिए थे। ऐसा लग रहा था कि टीम आसानी से 170 तक के स्कोर पर पहुंच जाएगी।

148 रन का टारगेट दिया
नीदरलैंड की टीम में अनुभव की साफ कमी दिखी। टीम ने 20 रन पर आखिरी 6 विकेट गंवा दिए और पाकिस्तान को 148 रन का टारगेट दिया। पाकिस्तान बल्लेबाजी करने उतरी तो सैम अयूब ने एक ओवर में तीन चौके मारकर भारत के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तरह बनने की कोशिश की। लेकिन सैम आखिर ठहरे तो पाकिस्तानी ही, 13 बॉल पर 24 रन बनाकर आउट हो गए। पावरप्ले में पाकिस्तान ने 2 विकेट गंवा दिए। इसके बावजूद 11 ओवर तक टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 98 रन बना दिए।

इसके बाद शुरू हुआ विकेटों का पतझड़। पाकिस्तानी बल्लेबाज ऐसे आउट हुए, जैसे Wi-Fi सिग्नल—कभी आया, कभी गया। 16 रन के भीतर पाकिस्तान ने 5 विकेट गंवा दिए। इनमें पाकिस्तान के सस्ते 'विराट कोहली' बाबर आजम भी शामिल थे। जो 18 गेंद पर 15 रन बना सके। रन नहीं बन रहे थे, विकेट गिर रहे थे और नीदरलैंड के गेंदबाज ऐसे लग रहे थे जैसे IPL कॉन्ट्रैक्ट के लिए ऑडिशन दे रहे हों।

कैच नहीं, मैच टपकाया
एक समय तो ऐसा आया कि जब पाकिस्तान को 12 गेंद पर 29 रन चाहिए थे और हाथ में थे सिर्फ 3 विकेट। लेकिन नीदरलैंड वाले भी कहां पीछे रह जाने वाले थे। 19वें ओवर में खराब बॉलिंग, खराब फील्डिंग सब दिखा दी। फहीम अशरफ का कैच टपका दिया और इसके बाद फहीम ने उसी ओवर में 24 रन ठोक डाले और पाकिस्तान को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। 20वें ओवर में जीत के लिए सिर्फ 5 रन रह गए। आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर फहीम ने चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी।

भारत के खिलाफ बायकॉट सिर्फ बहाना
पाकिस्तान ने वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ बायकॉट करने का फैसला किया है। यानी पाकिस्तानी टीम भारत के खिलाफ ग्रुप मैच नहीं खेलेगी। हालांकि, पिछले कुछ सालों की बात करें तो पाकिस्तान और भारत के खेल के स्तर में जमीन आसमान का अंतर है। इतना ही नहीं वर्ल्ड कप में पाकिस्तान भारत से कभी नहीं जीता। ऐसे में पाकिस्तान का बायकॉट सिर्फ हार टालने का बहाना भर माना जा रहा है।

