T20 WC खेलने पर 30 जनवरी या 2 फरवरी को फैसला करेगा पाकिस्तान : PM से मीटिंग के बाद PCB चीफ का ऐलान
Published: Updated:
3 min read

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी की अहम मीटिंग हुई।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और श्रीलंका में अगले महीने (7 फरवरी से) होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में खेलने या न खेलने को लेकर पाकिस्तान अपना फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी को कर सकता है।
पाकिस्तान के न्यूज चैनल ‘समा टीवी’ के मुताबिक, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी की मीटिंग खत्म। इस मीटिंग के बाद नकवी मीडिया को फैसले के बारे में ब्रीफ कर सकते हैं। नकवी पाकिस्तान सरकार में होम मिनिस्टर भी हैं।

लंदन से लाहौर पहुंचे शरीफ
शरीफ कुछ दिन से लंदन में थे। सोमवार को वो लाहौर पहुंचे। पाकिस्तान की मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि नकवी को सिर्फ सरकार और प्रधानमंत्री के फैसले का इंतजार है।
नकवी ने रविवार को कहा था कि वर्ल्ड कप के लिए टीम अनाउंसमेंट का यह मतलब कतई नहीं है कि पाकिस्तान वर्ल्ड कप के लिए टीम भेजने जा रहा है, क्योंकि आखिरी फैसला सरकार को लेना है। नकवी ने ये भी कहा था कि पाकिस्तान के तमाम क्रिकेटर्स ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि सरकार जो भी फैसला करेगी, वो उन्हें मंजूर होगा और इस बारे में कोई बयानबाजी नहीं की जाएगी। बोर्ड की लाइन ही टीम मैनेजमेंट की भी लाइन होगी।

मोहसिन का ICC पर आरोप
नकवी ने ICC पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था- अगर पाकिस्तान के लिए हाइब्रिड मॉडल अपनाया जा सकता है, तो बांग्लादेश के लिए क्यों नहीं? बांग्लादेश के साथ नाइंसाफी हुई है। एक देश के लिए नियम अलग और दूसरे के लिए अलग नियम नहीं हो सकते। बांग्लादेश भी पाकिस्तान और भारत की तरह ICC का पुराना सदस्य है।

क्या पाकिस्तान भी बाॅयकाट करेगा
जब नकवी से पूछा गया था कि क्या पाकिस्तान भी बांग्लादेश की तरह वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा, तो उन्होंने साफ कहा कि यह फैसला पाकिस्तान सरकार करेगी। हम सरकार के फैसले का पालन करेंगे। हम ICC के नहीं, अपने देश की सरकार के निर्देश मानते हैं।
अकरम की नसीहत
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने अपने देश को नसीहत दी है। अकरम ने कहा- पाकिस्तान को किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहिए। उसे सिर्फ क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए।
एक इंटरव्यू में अकरम ने कहा- पाकिस्तान को बांग्लादेश के फैसले से कोई मतलब नहीं रखना चाहिए। अगर बांग्लादेश नहीं खेलना चाहता तो ये उसकी प्रॉब्लम है। हमारा उससे क्या ताल्लुक? आखिर बांग्लादेश ने पाकिस्तान क्रिकेट के लिए किया ही क्या है? फिर हम उसके बारे में क्यों सोचें? पाकिस्तान को सिर्फ वर्ल्ड कप पर ध्यान देना चाहिए।
विवाद क्यों शुरू हुआ
यह मामला बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से रिलीज किए जाने से शुरू हुआ। बताया गया कि BCCI ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोलकाता टीम से कहा कि वह इस खिलाड़ी को नहीं रख सकती।

इस फैसले के बाद बांग्लादेश में काफी नाराजगी देखने को मिली। भारत में होने वाले T20I वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश ने आने से इनकार कर दिया। ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को वर्ल्ड कप के लिए इनवाइट किया। पाकिस्तान ने कहा था कि वो बांग्लादेश के साथ है। लिहाजा, अब पाकिस्तान के फैसले पर ICC की पैनी नजर है। इसके बाद ही यह ऑर्गनाइजेशन कोई फैसला करेगा।

