बांग्लादेश हटा तो पाकिस्तान भी टी20 वर्ल्ड कप छोड़ेगा: बांग्लादेश को स्कॉटलैंड रिप्लेस करेगा, पाकिस्तान ने बायकॉट किया तो कौन सी टीम खेलेगी
Published: Updated:
3 min read

पाकिस्तान टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप ए में भारतीय टीम के साथ है। इस ग्रुप में दोनों के अलावा नीदरलैंड्स, नामीबिया और USA की टीमें भी हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की अपनी तैयारियों को रोक दिया है। बांग्लादेश ने भारत में खेलने से इनकार करते हुए वर्ल्ड कप का बायकॉट किया है। PCB ने इस मामले में बांग्लादेश का सपोर्ट किया है। यह दावा पाकिस्तानी मीडिया जियो न्यूज ने किया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 इस बार भारत और श्रीलंका के संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा। पाकिस्तान की धमकी के बाद अब सवाल उठता है कि यदि वो टूर्नामेंट से हटता है तो उसकी जगह कौन लेगा।
पाकिस्तान हटा तो युगांडा को मौका मिल सकता है
दरअसल, बांग्लादेश यदि वर्ल्ड कप से हटता है तो उसे स्कॉटलैंड की टीम रिप्लेस करेगी। अब यदि पाकिस्तान भी वर्ल्ड कप नहीं खेलेगा तो उसकी जगह ICC रैंकिंग के आधार पर युगांडा की टीम को शामिल किया जाएगा।
ICC टी20 टीम रैंकिंग में युगांडा इस समय 21वें नंबर पर है। उससे ऊपर की 19 टीमों ने वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई है। ऐसे में यदि पाकिस्तान टीम हटती है तो युगांडा को मौका मिल सकता है। स्कॉटलैंड रैंकिंग में 14वें नंबर पर है।
PCB ने टीम मैनेजमेंट से प्लान-बी तैयार रखने को कहा
जियो न्यूज के मुताबिक, एक अधिकारी ने कहा है कि टीम मैनेजमेंट को आगे क्या करना है, इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी। PCB ने टीम मैनेजमेंट से प्लान-बी तैयार रखने को कहा है। ताकी पाकिस्तान वर्ल्ड कप नहीं खेलता है तो उस पर अमल किया जा सके।
दूसरी ओर बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों से भारत में मैच खेलने से इनकार कर दिया है। उसने अपने मैच श्रीलंका में शिफ्ट करने की बात कही है। इसी बीच पाकिस्तान ने बांग्लादेश के मैच अपने देश में कराने का ऑफर दिया है।
21 जनवरी को मामला क्लियर होगा
दूसरी ओर ICC ने साफ कहा है कि टूर्नामेंट नजदीक है, ऐसे में बांग्लादेश के मैच शिफ्ट नहीं किए जा सकते। उसने बांग्लादेशी बोर्ड को अल्टीमेटम दिया है कि वो 21 जनवरी तक अपना फैसला बता दे कि उसे खेलना है या नहीं।
इसी बीच PCB अधिकारी ने कहा कि यदि बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटता है तो पाकिस्तान भी उसका सपोर्ट करेगा। जब तक बांग्लादेश टीम का मैटर सॉल्व नहीं होगा, तब तक पाकिस्तान भी वर्ल्ड कप खेलने पर विचार करेगा।
आयरलैंड ने ग्रुप बदलने से भी इनकार किया
सूत्रों ने कन्फर्म किया है कि पाकिस्तान इस मामले में पूरी तरह से बांग्लादेश को सपोर्ट करता है। टूर्नामेंट में खेलने को लेकर किसी भी देश पर दबाव नहीं बनाया जा सकता और ना ही धमकी दी जा सकती है।
एक यह भी प्लान था कि बांग्लादेश टीम का ग्रुप बदल दिया जाए। उसे ग्रुप सी से ग्रुप बी में आयरलैंड से रिप्लेस कर दिया जाए। हालांकि इसको लेकर आयरलैंड ने इनकार कर दिया है। क्रिकेट आयरलैंड (CI) ने कहा है कि ICC ने उन्हें आश्वासन दिया है कि उनका ग्रुप चेंज नहीं किया जाएगा।
दरअसल, आयरलैंड को वर्ल्ड कप में अपने सभी ग्रुप मैच श्रीलंका में खेलने हैं। ऐसे में माना जा रहा था कि बांग्लादेश से उसे ग्रुप में रिप्लेस किया जाए तो मामला सॉल्व हो सकता है, लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ये 20 टीमें खेलेंगी
भारत, श्रीलंका, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, अमेरिका, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, नीदरलैंड्स, इटली, नामीबिया, जिम्बाब्वे, नेपाल, ओमान और UAE शामिल हैं।

