ICC ने पाकिस्तान की डिमांड ठुकराई: PAK का टीम इंडिया से मैच खेलना लगभग तय, खुद PM शहबाज करेंगे ऐलान
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान टीम टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच का बायकॉट नहीं करेगी। इस बारे में आज या कल ऐलान कर दिया जाएगा। हालांकि पाकिस्तान ने 3 मांग रखीं थीं। इन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने ठुकरा दी हैं।
‘जियो न्यूज’ के मुताबिक- सोमवार दोपहर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चीफ मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अचानक मुलाकात की। इसके पहले इसी चैनल ने खबर दी थी कि पाकिस्तान पर इस वक्त UAE सरकार का जबरदस्त दबाव है।
पर्दे के पीछे क्या चल रहा है
इसके पहले PCB चीफ लंदन से लाहौर पहुंचे। यहां वो एयरपोर्ट से सीधे इस्लामाबाद में वजीर-ए-आजम यानी प्रधानमंत्री के घर पहुंचे। यहां दोनों के बीच लंबी मुलाकात हुई। ‘जियो न्यूज’ के सूत्रों के मुताबिक- बातचीत में नकवी ने शरीफ को बताया कि अगर पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ 15 फरवरी को मैच नहीं खेलती तो इसके बहुत खतरनाक नतीजे होंगे। पाकिस्तान को इंटरनेशनल क्रिकेट में टोटल बायकॉट का सामान करना पड़ेगा। प्लेयर्स देश छोड़कर दूसरे देश में शिफ्ट हो जाएंगे, क्योंकि उन्हें यहां से दूसरी लीग्स खेलने के लिए NOC नहीं मिलेगी।

आखिरी दांव UAE का
इस बीच, पाकिस्तान पर सबसे बड़ा दबाव UAE का आया। यहां कि सरकार ने पाकिस्तान से कहा- जब आपके देश में कोई टीम खेलने नहीं आती थी, तब हम आपको अपने मैदान देते थे। अगर आप इस वर्ल्ड कप में इंडिया के मैच का बायकॉट करते हैं तो इस फैसले में हम साथ नहीं देंगे। बाकी आप जानिए। इस वॉर्निंग के बाद ही नकवी सारे काम छोड़कर लंदन से इस्लामाबाद पहुंचे।

PCB को छोड़कर सब एक प्लेटफॉर्म पर
UAE,ICC, BCCI और दुनिया के तमाम क्रिकेट बोर्ड पाकिस्तान के खिलाफ एक प्लेटफॉर्म पर आ चुके हैं। पाकिस्तान ने तीन मांग रखीं थीं। इन्हें भारतीय क्रिकेट बोर्ड सीधे तौर पर खारिज कर चुका है। अब ICC ने भी ये डिमांड ठुकरा दी हैं। ये 4 मांग इस तरह थीं…
- भारतीय टीम पाकिस्तान के साथ बाइलेटरल क्रिकेट शुरू करे।
- पाकिस्तान को (अकेले) ICC टूर्नामेंट होस्ट करने की मंजूरी दी जाए। एशिया कप फिर से हो, और BCCI अपनी टीम पाकिस्तान भेजे।
- PCB को ICC के रेवेन्यू में बढ़ा हुआ शेयर मिले। इसके अलावा क्रिकेट इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए अलग से फंड अलॉट हो।
- बांग्लादेश को वर्ल्ड कप बायकॉट के बावजूद उसका रेवेन्यू शेयर मिले।

आखिर में नतीजा
ICC- BCCI के अलावा UAE ने भी पाकिस्तान की हर तरह की मांग खारिज कर दीं। इन सभी ने मिलकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और वहां की सरकार को साफ बता दिया है कि भारत के खिलाफ मैच बायकॉट हुआ तो इसका वो अंजाम होगा कि पाकिस्तान क्रिकेट कई दशक पीछे चला जाएगा।
माना जा रहा है कि सोमवार या मंगलवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री खुद ऐलान करेंगे कि क्रिकेट के हित में पाकिस्तान ने अब भारत के खिलाफ मैच खेलने का फैसला किया है।

टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।

पाकिस्तान: सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, साइम अय्यूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारीक।

