टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान टीम: बाबर को एंट्री, हारिस-रिजवान बाहर; पिछले वर्ल्ड कप के 6 खिलाड़ी आउट
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। बाबर आजम को टीम में जगह मिली है, जबकि मोहम्मद रिजवान और हारिस रऊफ को बाहर कर दिया गया है। पिछला टी20 वर्ल्ड कप खेलने वाले 6 खिलाड़ियों बाहर किया गया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी को होगा, जबकि फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। पहला मैच पाकिस्तान को ही खेलना है। यह मुकाबला नीदरलैंड्स के खिलाफ कोलंबो में होगा।
15 सदस्यीय टीम में 3 विकेटकीपर
पिछले यानी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में खेलने वाले आजम खान, इफ्तिखार अहमद, इमाद वसीम, अब्बास अफरीदी, हारिस रऊफ और मोहम्मद आमिर को इस बार पाकिस्तान टीम में जगह नहीं मिली है। खास बात यह भी है कि मोहम्मद हारिस को भी टीम में जगह नहीं मिली।
इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान टीम की कप्तानी सलमान अली आगा ही करेंगे। PCB ने अपनी 15 सदस्यीय टीम में 3 विकेटकीपर रखे हैं। यह मोहम्मद नफे, साहिबजादा फरहान और उस्मान खान हैं।
पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए स्क्वॉड
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमां, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सैम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर) और उस्मान तारिक।
T20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया।
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान।
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, स्कॉटलैंड, नेपाल, इटली।
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई।
ऐसा रहेगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।

