T20 वर्ल्ड कप का बायकॉट नहीं करेगा पाकिस्तान: PCB ने कहा- ये अफवाह; बांग्लादेश को शिरकत पर आज फैसला करना है
Published:
3 min read

अगर बांग्लादेश की अपने मैच भारत से बाहर शिफ्ट करने की रिक्वेस्ट मंजूर नहीं होती है, तो भी पाकिस्तान के T20 वर्ल्ड कप से हटने की संभावना कम है। (फोटो क्रेडिट -@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने उन रिपोर्ट्स को खारिज कर दिया है जिनमें कहा गया था कि पाकिस्तान टीम T20 वर्ल्ड कप का बॉयकॉट करेगी। PCB सूत्रों ने साफ तौर पर कहा है कि टीम वर्ल्ड कप से पीछे नहीं हटेगी। भले ICC बांग्लादेश की मांगें माने या न माने।
दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने रिक्वेस्ट की है कि भारत में होने वाले उसकी टीम के T20I वर्ल्ड कप मैच श्रीलंका में कराए जाएं। उन्होंने इस मामले पर पाकिस्तान से भी सपोर्ट मांगा है। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि इस मुद्दे पर पाकिस्तान वर्ल्ड कप में भागीदारी पर फिर से विचार कर सकता है।
ये सब अफवाह
PCB सूत्रों ने इन रिपोर्ट्स को अफवाह बताया। साथ ही कहा- यह बोर्ड का रुख नहीं है। पाकिस्तान के पास वर्ल्ड कप के बायकॉट की कोई वजह ही नहीं है। पाकिस्तान पहले से ही अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने वाला है। ICC भी यही जवाब देगा। लोग बस मुद्दे को भड़काने के लिए ऐसी बातें फैलाते हैं। पाकिस्तान शेड्यूल के अनुसार वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा।
पाकिस्तान के मैच श्रीलंका में
पाकिस्तान के सभी मैच श्रीलंका में होंगे। टीम सेमीफाइनल और फाइनल में पहुंचती है तो वो मुकाबले भी श्रीलंका में ही खेले जाएंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच बाइलेटरल सीरीज साल 2013 के बाद से नहीं हुई है। ICC इवेंट्स में दोनों टीमें न्यूट्रल वेन्यूज पर ही खेलती आई हैं।
आज साफ हो सकती है तस्वीर
ICC ने साफ कहा है कि टूर्नामेंट नजदीक है। ऐसे में बांग्लादेश के मैच शिफ्ट नहीं किए जा सकते। उसने बांग्लादेश बोर्ड को अल्टीमेटम दिया है कि वो 21 जनवरी तक अपना फैसला बता दे कि उसे खेलना है या नहीं। अगर बांग्लादेश इस टूर्नामेंट का बायकॉट करती है तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया जाएगा। हालांकि, टीम बदलने का असर टूर्नामेंट के वेन्यूज और शेड्यूल पर नहीं होगा। ये पहले की तरह ही रहेगा।
यह मामला बांग्लादेश के पेसर मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से रिलीज किए जाने से शुरू हुआ। बताया गया कि BCCI ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोलकाता टीम से कहा कि वह इस खिलाड़ी को नहीं रख सकती।
इस फैसले के बाद बांग्लादेश में काफी नाराजगी देखने को मिली। भारत में होने वाले T20I वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश टीम के टूर को लेकर भी सिचुएशन साफ नहीं है। BCB ने ICC से भारत के बाहर मैच कराने की मांग की है।
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद वहां हिंदुओं पर हमले बढ़ गए। अब तक 8 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। इसको लेकर भारत में बेहद गुस्सा है। भारतीय मोदी सरकार से बांग्लादेश के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में रहमान को IPL से बाहर किया गया है।
7 फरवरी से टी20 वर्ल्ड कप शुरु
टी20 वर्ल्ड कप 2026 इस बार भारत और श्रीलंका के संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा। पाकिस्तान की धमकी के बाद अब सवाल उठता है कि यदि वो टूर्नामेंट से हटता है तो उसकी जगह कौन लेगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ये 20 टीमें खेलेंगी
भारत, श्रीलंका, अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, अमेरिका, वेस्टइंडीज, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, आयरलैंड, कनाडा, नीदरलैंड्स, इटली, नामीबिया, जिम्बाब्वे, नेपाल, ओमान और UAE शामिल हैं।

