पाकिस्तानी क्रिकेटर पर छेड़छाड़ का आरोप: रिपोर्ट- T20 WC के दौरान होटल की घटना, टीम के हाईएस्ट स्कोरर साहिबजादा फरहान की तरफ इशारा
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान की टीम 2026 वर्ल्ड कप से बाहर हो चुकी है। इसके बावजूद सुर्खियों में है, लेकिन ये सुर्खियां अब बदनामी की वजह बन रही हैं। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि T20 वर्ल्ड कप के दौरान श्रीलंका के एक होटल में एक पाकिस्तानी खिलाड़ी ने महिला स्टाफ से छेड़छाड़ की थी।
रिपोर्ट्स में तो यहां तक कहा गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को इस हरकत की फौरन जानकारी मिल गई थी। हालांकि, PCB ने अब तक इस प्लेयर पर सिर्फ जुर्माना लगाया है। अभी तक खिलाड़ी का नाम नहीं बताया गया है। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में साहिबजादा फरहान की तरफ इशारा किया जा रहा है।

साहिबजादा फरहान ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में 6 इनिंग्स में 76.60 की एवरेज से 383 रन बनाकर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा।
मदद के लिए चीख रही थी स्टाफर
टेलीकॉम एशिया की रिपोर्ट के मुताबिक- घटना पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच सुपर 8 के मैच से पहले हुई। पाकिस्तान टीम श्रीलंका के गोल्डन क्राउन होटल में रुकी हुई थी। इस स्टे के दौरान एक खिलाड़ी ने फीमेल हाउसकीपिंग स्टाफ के साथ कथित तौर पर बदतमीजी की। इस फीमेल स्टाफ मेंबर ने मदद मांगने के लिए चीखी। इसके बाद होटल के दूसरे स्टाफ मौके पर पहुंचे।
इसके बाद पाकिस्तान टीम के मैनेजर नावेद चीमा को घटना के बारे में बताया गया।
टीम ने माफी मांगी
रिपोर्ट्स के मुताबिक- होटल मैनेजमेंट सख्त एक्शन चाहता था, लेकिन टीम मैनेजर ने प्लेयर की तरफ से तमाम मिन्नतें की और माफी मांगी। इसके बाद इस प्लेयर पर फाइन लगाया गया। खबर है कि जिस खिलाड़ी की बात हो रही है। उसे PCB की डिसिप्लिनरी कमिटी के सामने पेश होना पड़ेगा।

साहिबजादा फरहान ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में बहुत अच्छा परफॉर्म किया है। उन्होंने नामीबिया के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच में सेंचुरी बनाई।
टूर्नामेंट में फरहान का परफॉर्मेंस
साहिबजादा फरहान ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में बहुत अच्छा परफॉर्म किया है। हालांकि वह इंडिया के खिलाफ रन नहीं बना पाए, लेकिन उन्होंने दूसरे मैच में बहुत अच्छी बैटिंग की है। नीदरलैंड्स के खिलाफ, फरहान ने 31 बॉल पर 47 रन बनाए। फिर उन्होंने USA के खिलाफ 41 बॉल पर 73 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के मारे।
उन्होंने नामीबिया के खिलाफ आखिरी ग्रुप मैच में सेंचुरी बनाई। उन्होंने 58 बॉल पर नाबाद 100 रन बनाए। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच पहला सुपर 8 मैच बारिश की वजह से धुल गया था। इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे मैच में, पाकिस्तानी ओपनर ने हाफ-सेंचुरी (63) बनाई।

साहिबजादा फरहान ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में नीदरलैंड्स के खिलाफ 31 बॉल पर 47 रन बनाए।
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का सफर
टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम का सफर सुपर 8 में खत्म हो गया। उसने कमजोर टीमों के खिलाफ जीत हासिल की, जबकि बड़ी टीमों से शिकस्त मिली। पाकिस्तान ने ग्रुप स्टेज में नामीबिया, अमेरिका और नीदरलैंड्स को हराया। इसी दौरान भारतीय टीम से हार मिली थी।
दूसरी ओर सुपर-8 में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच बारिश के चलते रद्द हो गया था। इसके बाद पाकिस्तान को इंग्लैंड से हार मिली। हालांकि आखिरी मैच में श्रीलंका को हराया था। वे श्रीलंका को जरूरी अंतर से हराने में नाकाम रहे। इसके बाद वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

