पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से बाहर: श्रीलंका को 64 रन से नहीं हरा सकी, न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल में एंट्री; फरहान प्लेयर ऑफ द मैच
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में पाकिस्तान टीम ने शनिवार (28 फरवरी) को करो या मरो का मैच खेला। पाकिस्तान को सेमीफाइनल में एंट्री के लिए इस मैच में श्रीलंकाई टीम को 64 रन से हराना था, लेकिन वो ऐसा नहीं कर सकी। ऐसे में बेहतरीन नेट रनरेट के चलते न्यूजीलैंड टीम ने सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है।
इस तरह पाकिस्तान टीम बायकॉट, बायकॉट करते-करते टूर्नामेंट से गेटआउट हो गई। सुपर-8 इस ग्रुप-1 से इंग्लैंड पहले ही क्वालिफाई कर चुकी है। जबकि श्रीलंका भी पहले ही बाहर हो गई थी। अब पाकिस्तानी टीम भी बाहर हो गई है। मैच में शतक लगाने वाले पाकिस्तानी ओपनर साहिबजादा फरहान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पाकिस्तान 5 रन से आखिरी मैच जीता
इस मैच में पाकिस्तान टीम ने 213 रन का टारगेट दिया था। उसे सेमीफाइनल में एंट्री के लिए श्रीलंकाई टीम को 147 या उससे कम के स्कोर पर रोकना था। हालांकि ऐसा नहीं हो सका। श्रीलंका टीम ने 6 विकेट गंवाकर 207 रन बनाए और 5 रन से मैच गंवा दिया।
सनाका के आखिरी ओवर में 3 छक्के
श्रीलंका की ओर से कप्तान दासुन सनाका ने 31 बॉल पर नाबाद 76 रन बनाए। उन्होंने 8 छक्के और 3 चौके लगाए। पवन रत्नायके ने 37 बॉल पर 58 रन बनाए। आखिरी ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 28 रन चाहिए थे। तब सनाका ने एक चौका और 3 छक्के लगाए। हालांकि आखिरी 2 बॉल पर कोई रन नहीं बना सके।
इस तरह आखिरी ओवर में 22 रन बने। पाकिस्तान के लिए अबरार अहमद ने 3 विकेट लिए। 1-1 सफलता शाहिन अफरीदी, नसीम शाह और मोहम्मद नवाज को मिली।
पाकिस्तान 212/8, फरहान की सेंचुरी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए पाकिस्तान टीम ने 8 विकेट पर 212 रन बनाए। साहिबजादा फरहान और फखर जमां ने 176 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। फरहान ने 60 बॉल पर 100 रन बनाए। उन्होंने 5 छक्के और 9 चौके लगाए।
फखर ने 42 बॉल पर 84 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 छक्के और 9 चौके लगाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बैटर दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। पाकिस्तान का 175 के स्कोर पर कोई विकेट नहीं गिरा था। इसके बाद आखिरी 37 रन बनाने में 8 विकेट गंवा दिए।
श्रीलंका के लिए दिलशान मदुशंका ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए। दासुन सनाका को 2 और दुष्मंथा चमीरा को 1 विकेट मिला।
श्रीलंका-पाकिस्तान की प्लेइंग-11
पाकिस्तान टीम: साहिबजादा फरहान, फखर जमां, सलमान आगा (कप्तान), ख्वाजा नफे, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, शाहीन अफरीदी, नसीम शाह, अबरार अहमद और उस्मान तारिक।
श्रीलंका टीम: पथुम निसंका, कामिल मिशारा (विकेटकीपर), चरिथ असलंका, पवन रथनायके, कामिंदु मेंडिस, दासुन शनाका (कप्तान), जनिथ लियानागे, दुनिथ वेल्लालगे, महीश तीक्ष्णा, दुष्मंथा चमीरा और दिलशान मदुशंका।

