पाकिस्तान पर केस कर सकता है जियो हॉटस्टार: PCB को नहीं मिलेंगे 316 करोड़ रुपए; 12 फरवरी के बाद भारत से मैच खेलने तैयार होगा पाकिस्तान
Published:
3 min read

इंडिया और पाकिस्तान दोनों एक ही ग्रुप में हैं। दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में मैच होना था। पाकिस्तान ने इसका बायकॉट कर दिया है।
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सरकार ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बायकॉट करके अपने लिए मुश्किलें खड़ी कर ली हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने वॉर्निंग दी है कि यदि पाकिस्तान ने अपना फैसला वापस नहीं लिया तो ब्रॉडकास्टर जियो हॉटस्टार उसके खिलाफ केस कर सकता है।
यह दावा किसी और ने नहीं बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के सूत्रों ने किया है। केस के अलावा पाकिस्तानी बोर्ड को 35 मिलियन डॉलर यानी करीब 316 करोड़ भारतीय रुपए का नुकसान भी हो सकता है।
बांग्लादेश चुनाव के बाद मंजूरी मिल सकती है
रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान को ICC से सालाना यह राशि मिलती है। हालांकि इस बार ICC यह रुपए पाकिस्तान को ना देकर ब्रॉडकास्टर को भुगतान के तौर पर दे सकता है। दूसरा सिनेरियो यह भी बन रहा है कि पाकिस्तानी सरकार 12 फरवरी के बाद भारत से मैच खेलने के तैयार हो सकती है।
इसका बड़ा कारण बांग्लादेश चुनाव हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पाकिस्तान लगातार बांग्लादेश में यूनुस सरकार को सपोर्ट कर रहा है। वो चाहता है कि चुनाव में यूनुस सरकार ही बने। 12 फरवरी को बांग्लादेश में चुनाव होने हैं। इसके बाद पाकिस्तान अपनी टीम को इंडिया से मैच खेलने की परमिशन दे सकता है।
नकवी ने प्रधानमंत्री को सारी बात बता दी थी
PCB सूत्रों ने कहा- पाकिस्तानी बोर्ड के चीफ मोहसिन नकवी को यह सारी जानकारी पहले से थी। उन्होंने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सामने यह बात रखी भी थी कि बायकॉट करने पर उनके खिलाफ केस हो सकता है और ICC से मिलने वाला रेवेन्यू भी रोका जा सकता है।
हो सकता है कि ICC की डिस्प्यूट रेसोलुशन कमेटी (DRS) के सामने PCB की कोई दलील ना सुनी जाए। हालांकि पाकिस्तान सरकार इन सबके लिए तैयार भी है।
कॉन्ट्रैक्ट में इंडिया-पाकिस्तान के मैच भी शामिल
सूत्रों ने कहा- ICC ने जब ब्रॉडकास्टर्स के साथ 4 साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट किया था, तब उसमें ICC इवेंट्स में इंडिया-पाकिस्तान के मैच भी शामिल थे। ऐसे में अब यदि यह मैच नहीं होंगे तो ब्रॉडकास्टर्स ICC और PCB के खिलाफ केस भी करने का अधिकार रखता है।
15 फरवरी को मैच होना था
ICC के शेड्यूल के मुताबिक, इंडिया और पाकिस्तान दोनों एक ही ग्रुप में हैं। दोनों टीमों के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में मैच होना था। पाकिस्तान ने इसका बायकॉट कर दिया है।
हालांकि पाकिस्तानी बोर्ड ने अब तक बायकॉट के बारे में ICC को ऑफिशियली तौर पर लिखित में कुछ भी नहीं दिया है।

